कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में अच्छा कोयला गिराने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। दोनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक पक्ष ने कोयला गिराने के लिए पैसा मांगने और दूसरे पक्ष ने जबरजस्ती कोयला गिराने को लेकर मारपीट का आरोप लगाया है।
घटना बुधवार सुबह लगभग 6.20 बजे की बताई जा रही है। ठेका कंपनी नीलकंठ में ड्राइबर का काम करने वाला ईश्वर कुमार धीवर खदान से कोयला लेकर कुसमुंडा खदान मे कांटाघर नंबर-19 के पास पहुंचा था। गाड़ी को कांटा कराने के बाद वह हिप-1 में गाड़ी को खाली करने गया। उसी समय अमित सिंह व नीतेश सिंह नाम के दो कोल लिफ्टर पहुंचे। दोनो ने ड्राइवर धीवर से कहा कि यहा कोयला न गिराए बल्कि गाड़ी को उनके स्टॉक के पास ले चले। धीवर का कहना है कि उसने अमित और नीतेश की बातों को मानने से इनकार कर दिया। इसे लेकर दोनों नाराज हो गए। गाली- गलौज और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। पिटाई के लिए दोनों ने गाड़ी से खींचकर धीवर को नीचे उतार दिया। बचने के लिए धीवर दौड़कर भागा और गाड़ी में बैठ गया। गाड़ी को लेकर पार्किंग में चला गया। वहीं दूसरी ओर अमित सिंह ने धीवर पर पैसे लेकर कोयला गिराने का आरोप लगाया। अमित का कहना है कि वह सचदेवा कंपनी के लिए कोयला अनलोड कराने का काम करता है। हिप नंबर-2 में नीलकंठ का ड्राइवर धीवर गाड़ी लेकर आया। उसे कोयला अनलोड करने कहा गया लेकिन धीवर ने पैसे की मांग किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई। दोनों पक्ष थाना पहुंचे। पुलिस ने एक-दूसरे की रिपोर्ट पर कुसमुंडा थाने में मुकदमा दर्ज किया है।







