बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोनी–सेंदरी मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और तीन बार पलटते हुए झाड़ियों में जा घुसी।भीषण सड़क हादसा में पीएससी की तैयारी कर रहे दो छात्रों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में चार अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र के ग्राम खरकेना निवासी ईशु रत्नाकर 26 वर्ष बिलासपुर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था। रविवार रात वह अपने साथी भास्कर राजपूत 22 वर्ष निवासी जैतपुरी बेमेतरा, अभिषेक बघेल, शेखर चंद्रवंशी, दिशु रत्नाकर और श्याम सिंह राजपूत के साथ कार क्रमांक OD 15 M 4400 में सवार होकर रतनपुर रोड की ओर निकला था। कार ईशु चला रहा था।
बताया गया कि कोनी थाना क्षेत्र के तुर्काडीह चौक से आगे कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ढलान में उतरकर कई बार पलटते हुए थम गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और भीतर सभी छात्र फंसे रहे।
इधर,स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर अन्य लोगों के सहयोग से रेस्क्यू कर सभी युवकों को बाहर निकाला गया। कार चला रहे ईशु रत्नाकर और साथी भास्कर राजपूत दम तोड़ चुके थे।
कोनी थाना प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि गंभीर रूप से घायल कहा 4 छात्रों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के सम्बंध में सूचना उनके परिजनों को दी गई,जो रात में ही बिलासपुर पहुंच गए थे।
सोमवार को दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम की प्रक्रिया बाद अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारम्भ कर दी है।
कार सड़क से उतरकर पलटी,दो युवकों की मौत,4 गम्भीर




