👉🏻 ढोढ़ीपारा मार्ग में गाड़ी का नंबर प्लेट-कागजात दिखाने रोक कर वारदात को अंजाम दिया
कोरबा। गांव से मॉल घूमने आ रहे छात्र व दोस्तों से युवकों ने मारपीट कर मोबाइल-नगदी-बाइक लूट की वारदात को 4 लोगों ने मिलकर अंजाम दिया।
प्रार्थी दिलीप बिंझवार ग्राम सरभोंका थाना बांगो में रहता है तथा कक्षा 11 वीं का छात्र है। घटना दिनाँक 27 दिसम्बर 2025 को दोपहर करीब 01 बजे अपने दोस्त मनीष बिंझवार और आशीष कुमार बिंझवार के साथ मोटर सायकल हीरो एचएफ डिलक्स क्रमांक सीजी 12 बीडी 2898 में बैठकर कोरबा टीपी नगर पॉम मॉल घूमने आ रहा था। शाम करीब 4 बजे ये लोग ढोढ़ीपारा मोहल्ले के पानी टंकी के पास पहुंचे थे तभी रोड के दूसरे तरफ से 04 लड़के रोड़ के इस तरफ आकर इनको आवाज देकर रुकवाये और गाड़ी में नंबर प्लेट कहां है, कागजात दिखाओ बोले। सभी मिलकर गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी देकर हाथ झापड़ से मारपीट करने लगे, फिर पानी टंकी के पीछे रेल्वे लाईन के किनारे ले जाकर प्रार्थी तथा उसके दोस्त मनीष बिंझवार, आशीष कुमार बिंझवार को हाथ-मुक्का, बेल्ट एवं डण्डा से मारपीट किये। उसके बाद रियल मी कम्पनी का मोबाईल कीमती 12000 रुपए, मनीष बिंझवार का मोबाईल कीमती 7000 रुपए, आशीष कुमार बिंझवार का ओप्पो मोबाईल कीमती 9000 रुपए को लूट लिये। प्रार्थी मोबाईल कव्हर में रखे 100 रुपए, मनीष के मोबाईल कव्हर में रखे 50 रुपए तथा आशीष कुमार बिंझवार के मोबाईल कव्हर में रखे 300 रुपए को लूट लिये। इसके अलावा मोटर सायकल हीरो एचएफ डिलक्स क्रमांक सीजी 12 बीडी 2898 कीमती 30000 रुपए को चाबी सहित छीन लिये। उसके बाद आशीष कुमार बिंझवार को बस चढ़कर अपने घर चले जाना बोलकर 100 रुपए वापस किये तथा रेल लाईन से घर चले जाओ बोलकर वे लोग वहां से चले गए।
इसके बाद सभी पीड़ित युवक बस में चढ़कर गोपालपुर अपने दोस्त उदय दास उर्फ बिटटू के घर गए और उसको घटना के बारे में बताया। चौकी सीएसईबी में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई तथा मारपीट एवं लूटपाट करने वाले लड़कों को देखकर पहचान लेंने की बात कही।
सिविल लाइन, रामपुर थाना में दिलीप बिंझवार की रिपोर्ट पर अज्ञात 4 लड़कों के विरुद्ध नम्बरी पर धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5), 309(6), 351(3)-BNS के तहत जुर्म दर्ज कर पतासाजी की जा रही है।



