कोरबा-दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका में वार्ड क्रमांक 01, 04, 05, 06, 10 एवं 11 में चल रहे विद्युत पोल स्थापना/विस्तार कार्य में अनियमितताओं को लेकर विभाग सख्त हो गया है। शिकायतों के आधार पर संबंधित ठेकेदार तथा इंजीनियर को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा उप अभियंता शिरिल भास्कर पापुला और ठेका कम्पनी दिनेश इंटरप्राइजेज बिलासपुर को जारी पत्र के अनुसार- कार्य की गुणवत्ता को लेकर समाचार पत्रों/सोशल मीडिया में इसका प्रकाशन किया गया था । नपा दीपका के वार्ड क्रमांक 01 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल द्वारा उक्त शिकायत की गई थी। शिकायत में विद्युत पोल निर्धारित गहराई में स्थापित नहीं किए जाने, केबल की कम गहराई, तथा प्राक्कलन के विपरीत कार्य किए जाने जैसी गंभीर बातें सामने आई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने संबंधित ठेकेदार और उप अभियंता को निर्देशित किया है कि वे स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करें और कार्य को प्राक्कलन तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि कार्य में त्रुटि पाई जाती है तो तीन दिवस के भीतर सुधारात्मक कार्रवाई कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि गुणवत्ता विहीन या प्राक्कलन से अलग कार्य पाए जाने पर अनुबंध शर्तों के अनुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर भुगतान रोका जा सकता है। ठेका फर्म से 3 दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को कार्य की भौतिक स्थिति का स्पष्ट विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई है और शिकायत के आधार पर गुणवत्ता की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
UPDATE:विद्युत पोल स्थापना में अनियमितता की जांच शुरू, नोटिस जारी,मांगा स्पष्टीकरण






