👉🏻 कहा- चाकूबाजी, हत्या, लूट, नशे के कारोबार और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर लगे प्रभावी अंकुश
कोरबा। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर समाजसेवी जितेंद्र सारथी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हाल के समय में हत्या, चाकूबाजी, लूट, चोरी, मारपीट, नशे के अवैध कारोबार, सड़क पर खुलेआम गुंडागर्दी तथा महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी चिंता का विषय है। ऐसी घटनाएं आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही हैं तथा कोरबा की सकारात्मक छवि को भी प्रभावित कर रही हैं।
विभिन्न प्रकार के सर्पो और जीव-जंतुओं की रक्षा के साथ साथ सर्पों का रेस्क्यू कर इंसानों की रक्षा में लगे जितेंद्र मौजूदा बढ़ते आपराधिक गतिविधियों से व्यथित और उद्वेलित हैं। श्री सारथी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि-कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, हिस्ट्रीशीटरों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, जनजागरूकता बढ़ाना और नागरिकों का पुलिस के साथ सक्रिय सहयोग भी अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सारथी ने कहा कि कोरबा जिला अपनी औद्योगिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान के कारण देश-विदेश में जाना जाता है। यहां विभिन्न राज्यों और जिलों से लोग रोजगार, व्यापार और पर्यटन के लिए आते हैं। ऐसे में यह सभी की जिम्मेदारी है कि जिले में ऐसा सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बने, जिससे बाहर से आने वाले लोग अच्छी यादें लेकर लौटें, न कि डर और असुरक्षा की भावना के साथ।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, अफवाहों से बचें तथा कानून का पालन करते हुए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त कोरबा के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कोरबा में बढ़ते अपराध चिंताजनक, समाजसेवी जितेंद्र सारथी ने की सख्त पुलिसिंग की उम्मीद







