👉🏻पाली-दीपका मार्ग पर बांधाखार और नुनेरा में मानक से ज्यादा ऊंचाई मिली, 3 दिन में सुधार के निर्देश
कोरबा। पाली-दीपका मार्ग पर बनाए गए स्पीड ब्रेकर अब सवालों के घेरे में हैं। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग ने मौके का निरीक्षण किया तो बांधाखार विद्यालय और नुनेरा बाजार के पास बनाए गए गति अवरोधक निर्धारित मापदंड से ऊंचे पाए गए। इसके बाद PWD के उपसंभागीय अधिकारी, कटघोरा ने संबंधित ठेकेदार को तीन दिन के भीतर गति अवरोधकों को निर्धारित मापदंड के अनुसार सुधारने के निर्देश दिए हैं।
👉🏻मामला सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक WP261100274291 से जुड़ा है। RTI कार्यकर्ता एवं NCH Hospital, SECL Gevra Project में कार्यरत मुजीबुर्रहमान ने 10 नवंबर 2026 को शिकायत दर्ज कर पाली-दीपका मार्ग पर बजरंग चौक, दीपका/गेवरा से झाबर, रैनपुर, बांधाखार, नुनेरा होते हुए डूमरकछार तक लगातार और अत्यधिक ऊंचे स्पीड ब्रेकरों की समस्या उठाई थी।
👉🏻 PWD के पत्र ने खोल दी पोल
शिकायत के जवाब में PWD उपसंभाग क्रमांक-1, कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी ने 16 नवंबर 2026 को ठेकेदार मनोज कुमार अग्रवाल, ‘अ’ वर्ग ठेकेदार, इंडस्ट्रियल एरिया कटघोरा को पत्र जारी किया। पत्र में स्पष्ट लिखा गया है कि निरीक्षण के दौरान बांधाखार विद्यालय के पास एवं नुनेरा बाजार के पास गति अवरोधकों का निर्माण मापदंड के आधार पर निर्धारित ऊंचाई से अधिक पाया गया।
विभाग ने ठेकेदार को निर्देशित किया है कि मापदंड के अनुसार गति अवरोधकों का निर्माण/सुधार कराकर तीन दिवस के भीतर कार्यालय को अवगत कराएं, ताकि सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत का निराकरण किया जा सके।
👉🏻 सवाल सिर्फ दो ब्रेकरों का नहीं
PWD के निरीक्षण में जब दो स्थानों पर ही गति अवरोधक निर्धारित मानक से ऊंचे मिले हैं, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि पाली-दीपका मार्ग पर बनाए गए अन्य स्पीड ब्रेकरों की स्थिति क्या है? मार्ग पर कई स्थानों पर लगातार गति अवरोधक बनाए जाने से वाहन चालकों को परेशानी होने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
खासकर इस मार्ग पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए अचानक और ऊंचे स्पीड ब्रेकर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। वहीं, गंभीर मरीजों को लेकर चलने वाली एंबुलेंस के लिए भी ऐसे अवरोधक परेशानी बढ़ाने वाले साबित हो सकते हैं।
👉🏻 एक ही ठेकेदार की कार्यशैली फिर सवालों में
जिस ठेकेदार को अब PWD ने मानक के अनुरूप स्पीड ब्रेकर सुधारने के निर्देश दिए हैं, उसी ठेकेदार का नाम इससे पहले कटघोरा के अटल परिसर में भारत रत्नअटल बिहारी वाजपेयी जी की कांस्य मूर्ति निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठे विवाद में भी चर्चा में रहा है। हालांकि ठेकेदार मनोज अग्रवाल से पेटी ठेका में काम लेकर भाजपा से जुड़े 3 लोगों ने काम किया किन्तु दस्तवेज़ों में मनोज अग्रवाल ही मूल ठेकेदार है।
ऐसे में अब पाली-दीपका मार्ग पर निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंड का पालन नहीं होने का विभागीय निरीक्षण में सामने आना ठेकेदार की कार्यशैली पर फिर सवाल खड़े करता है। हालांकि मूर्ति निर्माण से जुड़े पूर्व मामले और वर्तमान स्पीड ब्रेकर प्रकरण अलग-अलग हैं, लेकिन दोनों मामलों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर सवाल सामने आना चर्चा का विषय जरूर बन गया है।
🫵🏻 अब देखना यह है…
PWD ने तीन दिन में सुधार के निर्देश तो दे दिए हैं, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या केवल दो चिन्हित स्थानों के स्पीड ब्रेकर सुधारे जाएंगे या पूरे पाली-दीपका मार्ग पर बने सभी गति अवरोधकों की ऊंचाई और मानकों की जांच कराई जाएगी? क्योंकि विभागीय निरीक्षण में दो स्थानों पर अनियमितता सामने आ चुकी है। ऐसे में पूरे मार्ग का तकनीकी परीक्षण ही यह स्पष्ट कर सकता है कि मामला सिर्फ दो ब्रेकरों तक सीमित है या निर्माण की गुणवत्ता और मापदंडों का सवाल कहीं बड़ा है।







