👉🏻 पुराना बस स्टैंड विदेशी मदिरा दुकान के कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार और मनमानी की शिकायतें
कोरबा। जिले के कोरबा शहर में पुराना बस स्टैंड स्थित विदेशी मदिरा दुकान यहां के अमन पसंद लोगों का चैन तो छीन ही रही है अब मदिरा प्रेमियों में भी आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि दुकान में न तो शराब का सही ढंग से स्टॉक मेंटेन किया जा रहा है और न ही बीयर को पर्याप्त रूप से ठंडा रखा जाता है। शिकायत करने पर कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है और ग्राहकों को अपमानित किया जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जब ग्राहक ठंडी बीयर की मांग करते हैं, तो कर्मचारियों का जवाब होता है कि “बीयर पीना आपकी मजबूरी है, हमारे पास फ्रिज में रखने का समय नहीं है।” इतना ही नहीं, कई ग्राहकों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों द्वारा यह भी कहा जाता है कि “स्टॉक तो पूरा है, लेकिन माल हम अपने लोगों को देते हैं।”
मदिरा प्रेमियों का कहना है कि दुकान में आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। ग्राहकों से बहस, झगड़ा और धमकाने जैसी घटनाएं सामान्य हो गई हैं, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कर्मचारियों का व्यवहार ऐसा है मानो दुकान सरकारी न होकर उनकी निजी जागीर हो।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि कुछ कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से यह कहा जाता है कि वे विभागीय अधिकारियों तक पैसा पहुंचाते हैं, इसलिए उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन ऐसे आरोपों ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय मदिरा उपभोक्ताओं ने मांग की है कि पुराना बस स्टैंड विदेशी मदिरा दुकान की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री व्यवस्था की जांच हो तथा ग्राहकों से दुर्व्यवहार करने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है।








