👉🏻 कालोनी की सुरक्षा पर रहवासियों का सवाल
कोरबा। घंटाघर से बुधवारी मार्ग के मध्य स्थित पावर हाइट्स कॉलोनी में पिछली रात अज्ञात चोरों के द्वारा दो घरों में चोरी को अंजाम दिया गया। इसमें एक घर में चोरी करने में वारदाती सफल रहे जबकि दूसरे घर में घुसने से पहले ही परिवार जाग गया और चोर भाग निकले।
मिली जानकारी के मुताबिक पावर हाइट्स कॉलोनी में विशाल गुप्ता निवासरत हैं जो बालको में कार्यरत LIPL कंपनी में पॉट कंट्रोल हेड कार्यरत हैं। वह उक्त मकान में अकेले रहते हैं और उनके परिवारजन बीच-बीच में घर आते रहते हैं। शनिवार रात करीब 12 वे घर पर ताला लगाकर किसी रिश्तेदार की मृत्यु की सूचना के बाद रवाना हो गए। इसके बाद करीब ढाई बजे उनके घर के मुख्य दरवाजे का कुंदा काटकर भीतर घुसे चोरों ने अलमारी और अन्य कमरों को खंगालते हुए चोरी को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि कल रात ही करीब ढाई बजे एक अन्य मकान में खिड़की के रास्ते से घुसने की कोशिश की जा रही थी किंतु आहट सुनकर परिवार जाग गया और चोरों को नाकामी हासिल हुई, वह वहां से भाग निकले। रात में ही वारदात की जानकारी समिति के अध्यक्ष व पदाधिकारी को दी गई लेकिन सुबह देख लेने का हवाला दिया गया। आज सुबह मानिकपुर चौकी में सूचना दिए जाने उपरांत पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मौका मुआयना किया। विशाल गुप्ता के घर से चोरी गए सामानों की अभी जानकारी नहीं मिल सकी है, क्योंकि वह बाहर हैं इसलिए उनके लौटने के बाद ही कितने सामान की चोरी हुई है, इसका पता चल सकेगा।
बहरहाल कॉलोनी के रहवासियों ने पावर हाइट्स की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। इनका कहना है कि यहां सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे हैं लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस तरह की वारदात से अन्य लोगों में भय व्याप्त है।




