बिना भेदभाव और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आम जनता के हित में कड़े फैसले लेने की अपेक्षा जताई गई
0 नगरपालिका अधिकारी, अध्यक्ष व पार्षदों को सौंपा पत्र
कोरबा-बांकीमोंगरा। नगर पालिका क्षेत्र में आम जनता की मूलभूत सुविधाओं और सड़क व्यवस्था को लेकर नागरिकों ने नगरपालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष और सभी पार्षदों को पत्र सौंपकर 12 बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि इन समस्याओं का सीधा संबंध आम नागरिकों की रोजमर्रा की आवाजाही और सुरक्षा से है।
आम जनता ने प्रमुख रूप से प्रमुख मार्गों की दोनों दिशाओं में निर्धारित व सुरक्षित दूरी तक अतिक्रमण हटाने की मांग की है। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों के दोनों ओर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ निर्माण कराने की मांग रखी गई है, ताकि लोगों को मजबूरी में सड़क पर न चलना पड़े।
अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर कार्रवाई की मांग
पत्र में कहा गया है कि कई कॉलोनियों में कुछ लोगों द्वारा सड़क तक बाउंड्रीवाल, भवन, मकान-दुकान, पिलर, चेकर टाइल्स आदि का निर्माण कर आने-जाने में बाधा पैदा की गई है। ऐसे मामलों में सड़क की दोनों दिशाओं में निर्धारित सुरक्षित दूरी तक बाधाएं हटाने की मांग की गई है।
मकानों के सामने मार्ग से लगाकर बड़े-बड़े पत्थर रखकर आम लोगों के लिए खतरा पैदा करने वालों की पहचान कर नोटिस जारी करने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने की मांग भी की गई है।
व्यापारियों के संबंध में पत्र में कहा गया है कि दुकानदार अपने निर्धारित दुकान क्षेत्र में ही सामान रखें। जितने क्षेत्रफल का टैक्स जमा किया जाता है, उससे बाहर सामान फैलाकर किए गए अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
टेंट, पार्किंग और सड़क काटने पर भी रोक की मांग
आम जनता ने दुकानों के बाहर सुरक्षित स्थानों पर लगाए गए विज्ञापन बोर्ड, बैनर और पोस्टर तत्काल हटाने, नहीं हटाने पर जब्ती और नियमानुसार जुर्माना लगाने की मांग की है।
बिना अनुमति सड़क पर टेंट लगाकर मार्ग बाधित करने वालों पर जुर्माना और टेंट जब्ती की मांग की गई है। इसी तरह सड़क से लगाकर लगातार या लंबे समय तक वाहन खड़े करने, कबाड़ वाहनों को सड़क के किनारे रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।
पत्र में निजी जरूरतों के लिए सड़क काटने, ब्रेकर बनाने या सड़क से छेड़छाड़ करने वालों की पहचान कर भारी जुर्माना लगाने की मांग की गई है, ताकि बारिश के मौसम में सड़कों पर पानी भरने की स्थिति न बने।
आवारा पशुओं से लेकर टेंट-पंडाल तक उठाया मुद्दा
सड़कों पर विचरण कर रहे आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर गौठान में रखने की मांग की गई है। नागरिकों का कहना है कि इससे वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी और दुर्घटना का खतरा रहता है।
वहीं सामुदायिक भवन उपलब्ध होने के बाद भी निजी कार्यक्रमों और पूजा-पाठ के लिए मुख्य मार्ग पर टेंट-पंडाल लगाकर आवागमन बाधित करने पर आयोजक और टेंट संचालक दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
हर वार्ड में सफाई निगरानी समिति बनाने की मांग
आम जनता ने प्रत्येक वार्ड में साफ-सफाई के लिए निगरानी समिति गठित करने की मांग की है। समिति द्वारा समय-समय पर अपने वार्ड की सफाई व्यवस्था की जानकारी परिषद को देने की बात कही गई है।
पत्र में नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से इन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर बिना भेदभाव और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आम जनता के हित में कड़े फैसले लेने की अपेक्षा जताई गई है।
आम जनता ने पत्र के अंत में सभी 12 बिंदुओं पर त्वरित विचारण के साथ कार्रवाई की मांग करते हुए इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा को भी उचित कार्रवाई के लिए भेजी है।




