🙏🏻जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने जिलेवासियों से की अपील
कोरबा। दीपावली के पर्व पर जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने जिलेवासियों से स्थानीय बाजारों और दुकानों से खरीदारी करने की अपील की है। चैंबर अध्यक्ष योगेश जैन एवं महामंत्री नरेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय बाजार से की गई खरीदारी सीधे तौर पर शहर के व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती देने में योगदान करती है।
चैंबर पदाधिकारियों के अनुसार स्थानीय दुकानों से खरीदारी का लाभ केवल दुकानदारों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उनके कर्मचारियों, छोटे कारोबारियों और उनसे जुड़े परिवारों की आजीविका को भी संबल मिलता है। स्थानीय बाजार में कारोबार बढ़ने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
उन्होंने चेम्बर की तरफ से दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं जिला वासियों को देते हुए कहा है कि दीपावली की खुशियां तभी सार्थक होंगी, जब त्योहार की रोशनी स्थानीय व्यापारियों और उनके परिवारों के घरों तक भी पहुंचे। ऐसे में ऑनलाइन खरीदारी के विकल्प के साथ अपने शहर के बाजारों और स्थानीय दुकानदारों को प्राथमिकता देना जरूरी है।
योगेश जैन और नरेंद्र कुमार अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपील की कि इस दीपावली ऐसी खरीदारी का संकल्प लें, जिससे कोरबा के व्यापार को मजबूती मिले, स्थानीय युवाओं के रोजगार को प्रोत्साहन मिले और शहर की अर्थव्यवस्था को गति मिले।
चैंबर ने जिलेवासियों से स्थानीय बाजार, स्थानीय व्यापार और स्थानीय रोजगार को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देकर कोरबा को आर्थिक रूप से और सशक्त बनाने में हर नागरिक अपनी भूमिका निभा सकता है।





