👉🏻64 हजार है बकाया राशि, रोजगार सहायक पर टालमटोल करने का आरोप, उस पर कार्रवाई की मांग
कोरबा। मनरेगा के तहत निर्माण कार्य कराने के बाद भी हितग्राही को पूरी राशि नहीं मिलने का मामला सामने आया है। करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत कथरीमाल के रहने वाले गौतम प्रसाद ने कलेक्टर को शिकायत देकर निर्माण कार्य की बकाया 64 हजार रुपये की राशि दिलाने का आग्रह किया है। साथ ही संबंधित रोजगार सहायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
कलेक्टर को दी गई शिकायत के अनुसार गौतम प्रसाद को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना वर्ष 2022 के तहत पक्का फर्श कोटना निर्माण के लिए स्वीकृति मिली थी। इस काम के लिए कुल 77 हजार रुपये स्वीकृत हुए थे। इसमें 64 हजार रुपये सामग्री तथा 13 हजार रुपये मजदूरी के लिए निर्धारित थे।
शिकायतकर्ता के मुताबिक निर्माण कार्य 2 जुलाई 2022 से 11 अगस्त 2023 के बीच कराया गया। निर्माण कार्य की देखरेख ग्राम पंचायत कथरीमाल के रोजगार सहायक धनराज दिवाकर द्वारा किया गया।
👉🏻मजदूरी मिली, सामग्री की राशि नहीं
गौतम प्रसाद का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उन्हें मनरेगा के तहत 13 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान किया गया, लेकिन निर्माण में लगाई गई सामग्री की 64 हजार रुपये की राशि अब तक नहीं मिली है।
आरोप है कि बकाया राशि के संबंध में पूछने पर लगातार आज-कल करते हुए टालमटोल किया जा रहा है।
👉🏻 गरीबी में और आर्थिक संकट
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर को बताया है कि वह गरीब व्यक्ति हैं और गरीबी रेखा के अंतर्गत जीवनयापन करते हैं। निर्माण कार्य में अपनी ओर से सामग्री लगाने के बाद उसका भुगतान नहीं मिलने से आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि मनरेगा के तहत निर्माण कार्य की बकाया 64 हजार रुपये की राशि दिलाई जाए तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर संबंधित रोजगार सहायक धनराज दिवाकर के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। शिकायत के साथ निर्माण कार्य का फोटोग्राफ भी संलग्न किया गया है।




