कोरबा। कोसाबाड़ी के मंगलम विहार मार्ग स्थित न्यू कोरबा हॉस्पिटल सहित अन्य संस्थानों व कालोनी की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति और बदहाल हो गई है। बारिश ने इस सड़क की दशा बदल दी है। आम आदमी पार्टी ने सुधार के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
कोसाबाड़ी से न्यू कोरबा हॉस्पिटल जाने वाली सड़क पर मिट्टी डाले जाने के बाद बारिश के कारण उत्पन्न कीचड़ एवं फिसलन की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल निराकरण की मांग की है।

आनंद सिंह ने बताया कि उक्त मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग, विशेषकर मरीज एवं उनके परिजन, न्यू कोरबा हॉस्पिटल आने-जाने के लिए आवागमन करते हैं। सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया एवं अन्य वाहनों के फिसलने की स्थिति बनी हुई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है तथा मरीजों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देशित कर सड़क से कीचड़ हटाकर आवागमन योग्य बनाया जाए तथा गिट्टी/मुरुम डालकर सड़क का समतलीकरण कराया जाए। साथ ही बारिश के दौरान जलभराव एवं फिसलन की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
आनंद सिंह ने कहा कि मरीजों और आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए इस मार्ग की समस्या का जल्द से जल्द निराकरण किया जाना आवश्यक है।




