कोरबा। रजगामार पुलिस चौकी के अंदर ही प्रार्थी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। 30 अक्टूबर की रात वाहन दुर्घटना की रिपोर्ट लिखाने चौकी पहुंचे आकाश सरोज ने ओमपुर निवासी जयकिशन पटेल पर गाली-गलौच करने, जान से मारने की धमकी देने और हाथ से थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने जयकिशन पटेल के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार आकाश सरोज ठेकेदारी में ड्रायवरी का काम करता है। 30 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे खेमलाल की कार के सामने जानवर आ जाने के कारण कार पेड़ से टकरा गई थी। इसी घटना की रिपोर्ट लिखाने के लिए आकाश सरोज, अशोक के साथ रजगामार चौकी पहुंचे थे।
शिकायत के मुताबिक, खेमलाल अपनी रिपोर्ट लिखवा रहे थे। इसी दौरान ओमपुर निवासी जयकिशन पटेल चौकी पहुंचा और आकाश सरोज तथा उसके साथ मौजूद लोगों से गाली-गलौच करने लगा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जयकिशन पटेल ने जान से मारने की धमकी दी और चौकी के अंदर कैमरे के सामने आकाश सरोज को हाथ से थप्पड़ मारा।
आकाश सरोज ने चौकी प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी के संबंध में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया है।
👉🏻दशहरा पंडाल में महिला से मारपीट पर पहले से है FIR
रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर में दशहरा के दौरान दुर्गा पंडाल में हुए विवाद को लेकर जयकिशन पटेल के खिलाफ पहले से अपराध दर्ज है। 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे ओमपुर के दुर्गा पंडाल में हुई घटना को लेकर जिज्ञासा सिंह ने पुलिस चौकी रजगामार में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर जयकिशन पटेल और दिपेश साहू के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार जिज्ञासा सिंह युवा दुर्गा एवं महिला उत्सव समिति ओमपुर की पदाधिकारी एवं उपाध्यक्ष हैं और इसी वजह से वह दुर्गा पंडाल में मौजूद थीं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जयकिशन पटेल और दिपेश साहू पंडाल के अंदर आए और जिज्ञासा सिंह के साथ मारपीट करने लगे। शिकायत में यह भी आरोप है कि दोनों ने उसके भाई कृष सिंह मरावी के साथ भी मारपीट की।
जिज्ञासा सिंह ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि जयकिशन पटेल ने बेल्ट निकालकर मारपीट की तथा मां-बहन सहित आपत्तिजनक गालियां दीं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि दोनों आरोपियों ने उन्हें और उनके भाई को ‘गोंड-गंवार’ कहकर अपमानित किया। मारपीट के दौरान बचाव करते हुए जिज्ञासा के अंशु जनरल स्टोर के पास गिरने और पैर में चोट लगने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। वहीं जयकिशन पटेल पर अपने पद का प्रभाव होने की बात कहते हुए यह कहने का भी आरोप लगाया गया कि ‘मेरा कुछ नहीं कर सकते।’ जिज्ञासा सिंह ने दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी।







