प्रशांति वृद्धाश्रम के आंगन में सजी रंगोली-जले दीप तो चेहरों पर खिली मुस्कान
कोरबा। दीपावली के दीयों की रोशनी हर घर तक पहुंचे, लेकिन उन बुजुर्गों के आंगन में भी खुशियों का उजाला हो, जो अपनों से दूर वृद्धाश्रम में जीवन का समय गुजार रहे हैं। इसी मानवीय सोच के साथ कोरबा पुलिस ने एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में प्रशांति वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों के साथ दीपावली मनाई।
पुलिस जवानों ने वृद्धाश्रम के आंगन में रंगोली बनाई और दीप जलाकर उत्सव का माहौल बनाया। इसके बाद आतिशबाजी कर वृद्धजनों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इसके पूर्व वृद्धजनों की आरती उतारी गई और उन्हें उपहार भेंट किए। उपहार देने के साथ ही वृद्धजनों का आशीर्वाद लिया गया।
इस दौरान वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी और अपनत्व की झलक दिखाई दी।
उम्र के इस पड़ाव पर जब अपनों की मौजूदगी और साथ का महत्व और भी बढ़ जाता है, ऐसे में पुलिस जवानों का उनके बीच पहुंचना उनके लिए भावनात्मक रूप से खास रहा।
कुछ समय के लिए ही सही, लेकिन वृद्धाश्रम का माहौल परिवार के बीच दीपावली मनाने जैसा नजर आया।
पुलिस की यह पहल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी से आगे बढ़कर समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देती है। वर्दी के पीछे भी एक संवेदनशील मन होता है, यह पहल उसका सहज उदाहरण बनी।
बताते चलें कि दीपावली ही नहीं, अन्य त्यौहारों के मौके पर भी कोरबा पुलिस इन वृद्धजनों के साथ खुशियां बांटकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने और अपनत्व का अहसास कराते हुए सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय सरोकार की मिसाल भी पेश करती आई है।







