👉🏻 आरोपी हिरासत में, नशा में होने के कारण अस्पताल में भर्ती
कोरबा। शहर के व्यस्ततम और संवेदनशील क्षेत्र में शामिल सीतामढ़ी में आज सोमवार को दिनदहाड़े कटर से हमले की घटना को अंजाम दिया गया। पड़ोसी के कारण हो रही समस्या पर जब निराकरण करने कहा गया तो पड़ोसी ने सीनाजोरी करते हुए दो भाईयों पर चाकू चला दिया। इनमे एक भाई गम्भीर है तो दूसरे को भी जख्म आये हैं। निर्माण सामग्री (रेत-गिट्टी) हटाने जैसे मामूली विवाद को लेकर श्री बालाजी स्पोर्ट्स नामक कपड़े की दुकान के संचालक पर यह प्राणघातक हमला हुआ है। घटना से नाराजगी व अमन पसन्द लोगों में चिंता व्याप्त है।
जानकारी में मुताबिक रमेश साहू के घर के सामने गिट्टी पड़े होने की बात को लेकर संतोष प्रजापति से विवाद हो गया। दरअसल, सन्तोष।प्रजापति घर का काम करा रहा है जिसके लिए निर्माण सामाग्री उसने गली संकरी होने के कारण सड़क किनारे रखवाया है। इसे हटाने की बात को लेकर रमेश साहू व संतोष प्रजापति के बीच शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान संतोष प्रजापति द्वारा रमेश साहू पर थर्माकोल कटर से वार कर दिया गया। हमले से उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई और गाल कट गया। भाई को मुसीबत में देखकर रोशन साहू बीच-बचाव करने पहुंचा और विवाद शांत कराने का प्रयास किया लेकिन वह भी कटर के हमले से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों भाईयों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
👉🏻 आरोपी हिरासत में
दिनदहाड़े हुई इस घटना से सीतामणी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। दोनों घायलों का उपचार जारी है वहीं घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचन्द साहू मातहतों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। चूंकि वह घटना के वक्त नशा की हालत में था, इसलिए उसका मुलाहिजा कराते हुए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती किया गया। नशा उतरने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। हमले में प्रयुक्त कटर जप्त कर लिया गया है।







