👉🏻 जिस थाली में खा रहे,उसी में छेद कर रहे ऐसे कई लोग
कोरबा-कुसमुंडा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान के सायलो परियोजना परिसर में चोरी का मामला सामने आया है। सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता से एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी भाग निकले। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपने साथियों के साथ खदान में ही एक निजी कंपनी में कार्यरत कर्मी के कहने पर चोरी करने पहुंचने की बात बताई है। मामले में पुलिस ने धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
एसईसीएल कुसमुंडा में वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, 14 नवंबर की रात 11 बजे से 15 नवंबर की सुबह 5 बजे के बीच खदान परिसर में दो नग रोलर चोरी होने की घटना सामने आई। इनकी कीमत करीब 5,248 रुपये बताई गई है। 15 नवंबर की रात करीब 1.45 बजे सायलो परियोजना परिसर में कुछ लोग डबल हेडेड फायर हाइडेंट वाल्व चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। वे फायर हाइडेंट के पाइप को काट रहे थे कि इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात टीएसआर के सुरक्षा कर्मियों की नजर उन पर पड़ गई। सुरक्षा कर्मियों को देखते ही आरोपी वहां पड़े दो रोलर लेकर भागने लगे।
सुरक्षा कर्मियों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामकुमार पटेल 28 वर्ष पिता केवल राम पटेल, निवासी शांतिपारा, सर्वमंगला नगर बताया। युवक ने अपने साथियों के नाम मोहन पटेल और इंद्रकुमार यादव बताए हैं।
👉🏻निजी कंपनी के कर्मी के कहने पर पहुंचने का आरोप
पकड़े गए युवक के हवाले से यह भी आरोप लगाया गया है कि वे अखिलेश प्रताप सिंह नामक व्यक्ति के कहने पर चोरी करने पहुंचे थे। अखिलेश एसईसीएल की अधीनस्थ निजी कंपनी फोनेक्स में सायलो में काम करता है। पुलिस ने इस आरोप को भी विवेचना में लिया है।
पकड़े गए रामकुमार पटेल को चोरी के माल सहित पुलिस के सुपुर्द किया गया। मामले में पुलिस अब यह जांच कर रही है कि चोरी की कोशिश में कुल कितने लोग शामिल थे और खदान परिसर से सामान चोरी करने की इस कथित योजना में किस-किस की भूमिका थी। फिलहाल,अखिलेश प्रताप सिंह, रामकुमार पटेल, मोहन पटेल और इंद्रकुमार यादव के विरुद्ध पुलिस ने धारा 303(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।




