कोरबा/रायपुर। कोयला के कारोबार में कोरबा के दो कारोबारियों के बीच करोड़ों रुपये के निवेश और भुगतान को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में कोरबा निवासी कारोबारी अक्षत राजन की शिकायत पर KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमर नारायण सिंह के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316, 318(4) और 61 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। शिकायतकर्ता ने अमर नारायण सिंह पर व्यवसाय में निवेश के नाम पर 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपये लेने के बाद मूलधन और तय लाभांश की राशि वापस नहीं करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार अक्षत राजन, प्रोपराइटर M/s डायमंड इंडस्ट्रीज, इंदिरा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, ट्रांसपोर्ट नगर, कोरबा निवासी हैं। वहीं आरोपी अमर नारायण सिंह भी कोरबा का कारोबारी बताया गया है। शिकायत में कहा गया है कि KNS के डायरेक्टर अमर नारायण सिंह को कोयला खदान से उत्खनन का कार्य मिला था। इसी दौरान अमर नारायण सिंह के परिवार के एक सदस्य के माध्यम से अक्षत राजन से संपर्क कर उन्हें कोयला उत्खनन व्यवसाय में निवेश करने और सरायपाली ओपन कास्ट माइन (Saraipali OCM), पाली, कोरबा में सहभागी के रूप में कार्य करने का प्रस्ताव दिया गया।
RTGS और NEFT से खाते में भेजे 4.55 करोड़
शिकायतकर्ता का आरोप है कि व्यवसाय में निवेश के बदले निवेशित राशि लाभ सहित वापस करने का आश्वासन दिया गया था। इस पर विश्वास करते हुए उन्होंने अमर नारायण सिंह के बैंक खाते में RTGS/NEFT के माध्यम से कुल 4,55,25,296 रुपये अंतरित किए। इसके अलावा वर्ष 2023-24 में खदान में कोयला उत्खनन कार्य के संचालन के लिए ईंधन, मेंटेनेंस और अन्य आवश्यक खर्च भी उनके द्वारा वहन किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायत के मुताबिक अक्षत राजन कई महीनों तक खदान स्थल पर उपस्थित होकर उत्खनन कार्य की प्रगति और संचालन की निगरानी भी करते रहे। व्यवसाय शुरू होने के कुछ समय बाद जब उन्होंने अपने हिस्से के लाभ की मांग की तो अमर नारायण सिंह द्वारा अलग-अलग कारण बताते हुए कुछ समय बाद भुगतान करने का आश्वासन दिया गया।
बार-बार मांग के बाद भी मूलधन नहीं लौटाने का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद भी उन्होंने कई बार अपने लाभ और निवेशित मूलधन की वापसी की मांग की, लेकिन उन्हें न तो लाभांश दिया गया और न ही निवेश की मूल राशि वापस की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अमर नारायण सिंह द्वारा रकम के वास्तविक उपयोग, विनियोजन और खर्च का स्पष्ट लेखा-जोखा भी प्रस्तुत नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि लंबे समय तक राशि वापस मांगने के बावजूद अब मूलधन लौटाने से भी इनकार किया जा रहा है। उन्होंने इसे विश्वासपूर्वक सौंपी गई धनराशि के कथित दुरुपयोग और निर्धारित व्यावसायिक प्रयोजन के विपरीत उपयोग से जोड़ते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
बैंक खातों की जांच और रकम फ्रीज कराने की मांग
अक्षत राजन ने तेलीबांधा थाना में दिए आवेदन में आरोपी के बैंक खातों और संबंधित वित्तीय लेन-देन की जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार खातों में उपलब्ध रकम को फ्रीज कराने की मांग भी की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमर नारायण सिंह के खिलाफ BNS की धारा 316, 318(4) और 61 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस विवेचना के बाद ही पूरे मामले में आरोपों की वास्तविकता और धनराशि के लेन-देन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




