समाज का विकास के लिए सामुदायिक भवन बनाए जाने हेतु स्थल के विवाद पर उपसरपंच ने एक रिटायर्ड वृद्ध से गाली गलौच की।
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कराईनारा में पटेल समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए हो रहे भूमिपूजन के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। 84 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी शिवराम पटेल ने गांव के उपसरपंच दीपक पटेल पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक शिवराम पटेल पिता लक्ष्मीनारायण पटेल, निवासी ग्राम कराईनारा, ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे गांव में पटेल समाज के नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम कराईनारा का उपसरपंच दीपक पटेल वहां पहुंचा और भवन निर्माण के लिए बताई गई जगह पर निर्माण नहीं करने की बात कहते हुए गाली-गलौज करने लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने समाज के विकास के लिए सामुदायिक भवन बनाए जाने की बात कहते हुए विरोध का कारण पूछा। आरोप है कि इस दौरान दीपक पटेल ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ धक्का-मुक्की की, जिससे वे गिर गए। हालांकि उन्हें चोट नहीं लगने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
शिवराम पटेल ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान ग्राम सरपंच पवन सिंह कंवर, शिवचरण साहू सहित आसपास के लोग मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा और सुना। घटना की रिपोर्ट के आधार पर उरगा पुलिस ने धारा 296 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्रवाई शुरू कर दी है।






