निगम में नौकरी लगवाने श्रीकांत पर 1.95 लाख रुपये ठगने का आरोप, जांच जारी
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडेय के कथित फर्जी हस्ताक्षर और निगम की नकली सील लगे नियुक्ति पत्र ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। शिकायत के अनुसार नौकरी लगवाने के नाम पर रकम लेने वाले श्रीकांत राजपूत पिता धर्मेन्द्र सिंह राजपूत (कथित अधिवक्ता) ने पीड़ितों को ऐसा नियुक्ति पत्र दिखाया, जिसमें निगम आयुक्त के हस्ताक्षर होने का दावा किया गया था। जांच में हस्ताक्षर और सील फर्जी होने की बात सामने आने के बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है।
शिकायत के मुताबिक पुरानी बस्ती निवासी श्रीकांत राजपूत ने नगर पालिक निगम में संविदा नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर तीन पीड़ितों से कुल 1 लाख 95 हजार 500 रुपये लिए। आरोपी ने खुद को बिलासपुर हाईकोर्ट का वकील बताते हुए नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था।
शिकायतकर्ताओं में पंप हाउस निवासी निर्मला विश्वकर्मा, रूमगड़ा निवासी करण और उसकी बहन शामिल हैं। आरोप है कि आरोपी ने फोन और नकद के जरिए अलग-अलग किस्तों में रकम ली। कई महीनों तक तारीख पर तारीख देने के बाद जब पीड़ितों ने नौकरी को लेकर दबाव बनाया तो आरोपी ने वीडियो कॉल पर नियुक्ति पत्र दिखाया।
इसके बाद पीड़ितों ने नियुक्ति पत्र की जांच कराई। शिकायत के अनुसार दस्तावेज में नगर निगम आयुक्त के फर्जी हस्ताक्षर और निगम की कथित नकली सील का इस्तेमाल पाया गया। इसके बाद पीड़ितों ने सीएसईबी पुलिस चौकी और एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी के नाम पर अन्य युवाओं से भी इसी तरह रकम ली हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कथित फर्जी नियुक्ति पत्र कैसे तैयार हुआ और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
निगमायुक्त की अपील: नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडे ने कहा है कि निगम से जुड़े किसी भी कामकाज अथवा इस तरह की नियुक्ति आदि के मामलों में पूरी जानकारी लेकर ही काम करें। उन्होंने कहा है कि किसी भी तरह के झांसे में आने से पहले उसकी पूरी पड़ताल कर लेना आवश्यक है। नगर निगम में पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य हो रहे हैं और किसी भी तरह के फर्जीवाड़े को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






