कोरबा-कटघोरा। वनमंडल कटघोरा के वन परिक्षेत्र केंदई में फंदा लगाकर भालू का शिकार करने और बाद में साक्ष्य मिटाने के मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ग्राम दमहामुड़ा, थाना पसान के निवासी हैं।
वन विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को केंदई वन परिक्षेत्र के छिंदिया परिसर में फंदा लगाकर भालू का शिकार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर वन अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां रक्त के निशान और फंदे में इस्तेमाल किया गया क्लच वायर बरामद हुआ।
जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि शिकार के बाद भालू के शव को अगले दिन झिनपुरी परिसर ले जाया गया था। वहां साक्ष्य नष्ट करने की नीयत से शव को जलाया गया और उसके अवशेष अंजननाला नदी के किनारे फेंक दिए गए। मामले में जुटाए गए साक्ष्यों और जांच के आधार पर वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कटघोरा के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 12606/11 दर्ज कर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। चूंकि मामला अनुसूची-1 के संरक्षित वन्यप्राणी से जुड़ा है, इसलिए अधिनियम की धारा 51(1) के तहत न्यूनतम 3 वर्ष से अधिकतम 7 वर्ष तक के कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।
वन विभाग के मुताबिक मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों को लेकर जांच जारी है। कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी केंदई अभिषेक कुमार दुबे, परिक्षेत्र सहायक शारदा प्रसाद शर्मा, परिसर रक्षक मुरारी लाल साहू सहित मंगल नायक, गंगाराम नेताम और अन्य वनकर्मियों की भूमिका रही।
KORBA: भालू का शिकार कर सबूत मिटाने जला दिया शव,4 आरोपी जेल भेजे गए






