👉🏻राताखार हादसे ने खोली पोल, 20 टन से ज्यादा कबाड़ से भरा ट्रक मकान में घुसा; सवाल- कई गाड़ियां पहले कैसे पार हुईं?
कोरबा। शहर में अवैध कबाड़ के कारोबार को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रात के अंधेरे में कबाड़ से भरा ट्रक शहर की सड़कों से गुजरते हुए राताखार के बजरंग चौक पहुंचा और तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। घर के अंदर परिवार सो रहा था। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।
लेकिन इस हादसे ने सड़क सुरक्षा से ज्यादा रात के अंधेरे में चल रहे कबाड़ के कारोबार की कहानी सामने ला दी। ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है, लोड था। सवाल अब यह है कि इतना कबाड़ आखिर कहां से आया और किसकी निगरानी में शहर से बाहर जा रहा था?
👉🏻हादसा नहीं होता तो क्या गाड़ी सीमा पार कर जाती?
बताया जा रहा है कि जिस जगह से कबाड़ लोड किया गया था, वहां से कुछ दूरी आगे ही ट्रक हादसे का शिकार हो गया। यानी अगर ट्रक अनियंत्रित होकर मकान में नहीं घुसता तो शायद यह गाड़ी भी बाकी गाड़ियों की तरह अपने रास्ते आगे निकल जाती।
इलाके में चर्चा है कि रात के समय कबाड़ से लदी ऐसी कई गाड़ियां पहले भी निकल चुकी हैं। यदि यह सही है तो सवाल और गंभीर हो जाता है कि जिले की सीमा और प्रमुख रास्तों पर इन वाहनों की चेकिंग आखिर कितनी प्रभावी है?
एक तरफ कार्रवाई और तड़ीपार की बात होती है, दूसरी तरफ लाखों रुपये का कबाड़ लेकर वाहन रात में सड़क पर दौड़ते हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है—
आखिर कबाड़ के लिए मुखबिरी कौन कर रहा है?
कबाड़ का माल कब निकलना है, किस रास्ते से निकलना है और कहां चेकिंग हो रही है—अगर यह जानकारी पहले से किसी को मिलती है, तभी तो बड़े वाहन रात के अंधेरे में आसानी से आगे बढ़ पाते हैं। यही वजह है कि अब सिर्फ ट्रक और चालक की जांच से बात पूरी नहीं होगी। कबाड़ कहां से आया, किसका है, किसने लोड कराया और किसे भेजा गया था—इन सवालों के जवाब भी जरूरी हैं।
👉🏻चालक ट्रक छोड़कर भागा, पुलिस ने पकड़ा
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तलाश के बाद चालक मनोज सिंह को हिरासत में लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकलवाया गया और वाहन जब्त कर थाने लाया गया।
पुलिस के अनुसार ट्रक में 20,860 किलो कबाड़ था, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। कबाड़ कहां से लाया गया और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है।
👉🏻तड़ीपार फिर भी कारोबार?
गली-गली घूमकर कबाड़ खरीदने वाले कुछ कबाड़ियों का दावा है कि पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा तड़ीपार किए जाने के बावजूद संबंधित कबाड़ी कोरबा में ही रहकर ठिकाने बदल-बदलकर कारोबार कर रहा है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पिछले दिनों जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र में निर्माणाधीन परियोजना से रेल लाइन काटे जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में भी संबंधित कबाड़ी की संलिप्तता की चर्चा हुई, लेकिन जांच में तकनीकी तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। मामला ऑक्सीजन सिलेंडर की बुकिंग तक पहुंचा। रेल लाइन काटने में इस्तेमाल मालवाहन, मजदूरों, नाबालिगों और किराए पर मकान देने वाले मकान मालिक पर कार्रवाई हुई, जबकि आगे की जांच जारी है।
👉🏻अब जांच सिर्फ ट्रक तक सीमित न रहे
राताखार की घटना के बाद अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि ट्रक में कितना कबाड़ था। सवाल यह भी है कि इतनी बड़ी खेप शहर तक पहुंची कैसे? रास्ते में इसकी जांच क्यों नहीं हुई? क्या इससे पहले भी ऐसी गाड़ियां इसी रास्ते से निकलती रही हैं? हादसे ने कम से कम इतना जरूर दिखा दिया है कि रात के अंधेरे में कबाड़ का खेल सिर्फ चर्चा नहीं, बल्कि जांच का विषय जरूर बन गया है।







