पहली बार हुआ है यह, करतला जनपद से शुरू हुई नई पहल- स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा फोकस
कोरबा-करतला। छत्तीसगढ़ की पंचायत व्यवस्था में एक नई पहल की शुरुआत करते हुए जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा ने ग्राम पंचायत पहाड़गांव को गोद लेकर उसे आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने का ऐतिहासिक संकल्प लिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने शासन की योजनाओं के अतिरिक्त अपने निजी संसाधनों से 6 लाख रुपये विकास कार्यों में खर्च करने की घोषणा भी की। ग्रामीणों ने इस घोषणा का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
बुधवार को पंचायत भवन में आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष मनोज झा ने कहा कि उनका उद्देश्य पहाड़गांव को ऐसा मॉडल गांव बनाना है, जिसे देखने के लिए लोग दूसरे क्षेत्रों से आएं और अन्य पंचायतें भी उससे प्रेरणा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव के विकास में स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में गांव के समग्र विकास की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। उपाध्यक्ष ने आंगनबाड़ी केंद्र को मॉडल आंगनबाड़ी के रूप में विकसित करने की घोषणा करते हुए कहा कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।

इसके बाद उन्होंने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों तथा पंचायत प्रतिनिधियों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर गांव की आवश्यकताओं का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में समन्वय बनाकर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा ग्रामीणों से भी जनभागीदारी का आह्वान किया।
मनोज झा ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ की 11,693 ग्राम पंचायतों और 146 जनपद पंचायतों में यह पहली पहल है, जहां किसी जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ने किसी पंचायत को गोद लेकर उसे आदर्श ग्राम बनाने का संकल्प लिया है।
बैठक में सरपंच श्रीमती अमेरिका बाई कंवर, उपसरपंच टीकम सिंह, राकेश यादव, विकासखंड विकास एवं विस्तार अधिकारी यशवंत बघेल, महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी कीर्ति कुरियन जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल वर्मा, करारोपण अधिकारी दादू सिंह पैकरा, इंजीनियर संतोष नायर, पंचायत सचिव प्रकाश देवांगन, रोजगार सहायक भोजराम कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने एक स्वर में गांव के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया और इस पहल को क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत बताया।







