👉🏻छुरी में एमपी सरकार के पूर्व सचिव का परिवार परेशान, जमीन के रिकॉर्ड से छेड़छाड़ और जालसाजी का लगाया गंभीर आरोप
कोरबा। जिले में राजस्व रिकॉर्ड से छेड़छाड़ कर जमीनों के हेरफेर के आरोपों के बीच छुरीकला का एक मामला गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। बिलासपुर निवासी श्रीमती सत्य भामा सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पति स्व. विजय पाल सिंह अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित थे और ग्राम छूरीकला स्थित खसरा नंबर 858, रकबा 0.0320 हेक्टेयर भूमि उनके परिवार की है। आरोप है कि इस आदिवासी भूमि पर रमेश श्रीवास द्वारा बिना वैधानिक अनुमति कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से भूमि की जांच कर अवैध कब्जा और निर्माण हटाने तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ भूमि के खसरा, बी-1, ऋण पुस्तिका/आदिवासी प्रमाण पत्र तथा निर्माण से संबंधित फोटो-वीडियो उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।
👉🏻70 साल पुराने रिकॉर्ड को दरकिनार करने का आरोप
अब पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मामला केवल अवैध कब्जे तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी भूमि के रिकॉर्ड को कथित तौर पर बदलकर उसे आबादी भूमि में शामिल किए जाने का है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक रमेश श्रीवास ने पार्षद रहते हुए उनके पिता की सहमति और हस्ताक्षर के बिना जमीन को आबादी पट्टा में शामिल करा लिया। परिवार का आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया ही सवालों के घेरे में है।
पीड़ित पक्ष के बताए अनुसार अवैध कब्जाधारक रमेश श्रीवास और उनकी माता का कथित तौर पर कहना है कि “मैं कलेक्टर और एसडीएम की रिपोर्ट को भी नहीं मानूंगा तो तहसीलदार की रिपोर्ट को मानना बहुत दूर की बात है। मैं भूतपूर्व राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल के द्वारा जारी किया आबादी पट्टा को मानूंगा और उसी के आधार पर कब्जा किये हैं।” इस कथित बयान को लेकर भी परिवार ने आपत्ति जताई है।
👉🏻आखिर आदिवासी जमीन आबादी कैसे बनी?
पीड़ित परिवार का सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि भूमि उनके परिवार के नाम राजस्व रिकॉर्ड में वर्षों से दर्ज रही, तो बाद में उसे किस प्रक्रिया के तहत आबादी में शामिल किया गया? परिवार का दावा है कि उनके पास करीब 70 वर्ष पुराने राजस्व रिकॉर्ड मौजूद हैं। ऐसे में उनके अनुसार पुराने रिकॉर्ड से लेकर आबादी पट्टा जारी होने तक के पूरे दस्तावेजों की कड़ीवार जांच ही विवाद की वास्तविक स्थिति सामने ला सकती है।
परिवार का आरोप है कि तहसील स्तर पर उनके पुराने राजस्व रिकॉर्ड को अपेक्षित महत्व नहीं दिया जा रहा है और उन्हें अब तक राहत नहीं मिल सकी है। इसी के चलते पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री और शासन के मुख्य सचिव तक अपनी बात पहुंचाने के लिए रायपुर में दस्तक दी है।
👉🏻जमीन वापस कैसे मिलेगी, यही सबसे बड़ा सवाल
अब इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि यदि रिकॉर्ड की जांच में आदिवासी परिवार का पुराना स्वामित्व सही पाया जाता है और बाद के दस्तावेजों में जमीन को आबादी में शामिल किए जाने की प्रक्रिया में अनियमितता मिलती है, तो उस स्थिति में जमीन का वास्तविक हक कैसे बहाल होगा?
क्या 70 साल पुराने राजस्व रिकॉर्ड से लेकर कथित आबादी पट्टा जारी होने तक प्रत्येक दस्तावेज, आदेश, नामांतरण और रिकॉर्ड प्रविष्टि की जांच होगी? क्या यह भी देखा जाएगा कि जमीन को आबादी में शामिल करने के लिए संबंधित भू-स्वामी की सहमति या वैधानिक प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं? और यदि रिकॉर्ड में हेरफेर अथवा जालसाजी साबित होती है तो जमीन को मूल स्थिति में वापस लाने की कार्रवाई कौन करेगा?
👉🏻रिकॉर्ड की जांच से ही खुलेगा मामला
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ कार्रवाई से अधिक अपने परिवार की जमीन का वास्तविक रिकॉर्ड और अधिकार स्पष्ट चाहिए। उनका आग्रह है कि पुराने राजस्व दस्तावेजों से लेकर वर्तमान रिकॉर्ड तक पूरी कड़ी की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आदिवासी भूमि आबादी में कब, किस आदेश से और किस आधार पर शामिल हुई।
कोरबा जिले में राजस्व रिकॉर्ड से छेड़छाड़ और जमीनों के हेरफेर के आरोपों की कड़ी में यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि शिकायतकर्ता के अनुसार विवादित भूमि आदिवासी परिवार की है। अब देखना यह है कि शासन और प्रशासन पुराने रिकॉर्ड तथा बाद के दस्तावेजों का मिलान कर वास्तविक स्थिति सामने लाता है या नहीं और यदि शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाते हैं तो जमीन को मूल हकदार परिवार को वापस दिलाने का रास्ता कैसे निकाला जाता है। इस पूरे मामले में रमेश श्रीवास से सम्पर्क के अभाव में उनका पक्ष रखा नहीं जा सका है।







