👉🏻पहले सड़क, अब गलियां बनी मयखाना और पेशाबघर, गौरीशंकर मंदिर व मधु स्वीट्स गली वाले सबसे ज्यादा परेशान
👉🏻आधी सड़क तक दुपहिया-चार पहिया खड़ी कर शराब खरीदने का सिलसिला, सुबह से रात तक बिगड़ती यातायात व्यवस्था
👉🏻आबकारी मंत्री के निर्देश को भी महीनों बीते, फिर भी शिफ्टिंग का इंतजार… आखिर प्रशासन को जगह नहीं मिल रही या समाधान की रफ्तार नहीं?
कोरबा। मुख्य शहर के मेन रोड पर संचालित अंग्रेजी शराब दुकान के कारण उत्पन्न समस्याएं आसपास के लोगों के लिए रोज का सिरदर्द बन चुकी है। पहले शराब दुकान के सामने सड़क पर ही मयखाना सजता था, अब स्थिति यह है कि आसपास की गलियां भी इससे अछूती नहीं हैं। शराब खरीदने के बाद कोई दुकान के आसपास बैठकर पी रहा है तो कोई सड़क किनारे और कोई गौरीशंकर मंदिर व मधु स्वीट्स की ओर जाने वाली गलियों में डिस्पोजल में शराब उड़ेलकर वहीं बैठ जाता है। सड़क पर शराबखोरी, गाली-गलौच, गलियों में कचरा और पेशाबघर जैसी स्थिति, आखिर आम लोग जाएं तो जाएं कहां?
👉🏻दुकान शराब बेचती है, परेशानी पूरा इलाका झेलता है
शराब खरीदने वालों के वाहन आधी सड़क तक खड़े हो जाते हैं। दुपहिया हो या चार पहिया, जिसे जहां जगह मिली वहीं वाहन खड़ा कर शराब खरीदने पहुंच गया। इसका सीधा असर यातायात पर पड़ता है। सुबह से शुरू होने वाली परेशानी शाम होते-होते बढ़ती है और रात तक सड़क पर आवाजाही प्रभावित होती रहती है।
यह किसी एक दिन की तस्वीर नहीं है। दिनभर में दर्जनों लोग शराब लेकर आसपास ही खड़े होकर पीते दिखाई देते हैं। खाली डिस्पोजल, बोतल और अन्य कचरा सड़क तथा गलियों में छोड़ दिया जाता है। मना करने पर विवाद की स्थिति भी बनती है। यानी दुकान एक जगह है, लेकिन उसकी वजह से पैदा होने वाली परेशानी पूरे इलाके को झेलनी पड़ रही है।
गौरीशंकर मंदिर और मधु स्वीट्स गली वाले ज्यादा परेशान
शराब दुकान के आसपास की गलियों में रहने वाले और कारोबार करने वाले लोगों की परेशानी अब खुलकर सामने आने लगी है। गौरीशंकर मंदिर और मधु स्वीट्स की ओर जाने वाली गली में भी शराबखोरी के कारण लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। जहां आम लोगों का आना-जाना होना चाहिए, वहां शराब के डिस्पोजल और बोतलें नजर आने लगती हैं।
व्यापारियों की परेशानी अलग है। ग्राहक दुकान तक पहुंचे या सड़क पर खड़े वाहनों और शराब पीने वालों के बीच रास्ता तलाशे, यह स्थिति अब रोजमर्रा की हो गई है।
👉🏻मना करें तो विवाद, व्यवस्था संभाले कौन?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क या गली में शराब पीने से मना करने पर कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है। शराब दुकान के कर्मचारियों से भी आसपास की व्यवस्था पर ध्यान देने की अपेक्षा रहती है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
सवाल सीधा है कि शराब दुकान का सरकारी संचालन हो रहा है तो उसके आसपास कानून-व्यवस्था और यातायात की जिम्मेदारी किसकी है?
👉🏻मंत्री ने निर्देश दिए, फिर शिफ्टिंग अटकी क्यों?
स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर प्रदेश के आबकारी मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन से पिछले दिनों तीसरी बार मुलाकात कर अपनी पीड़ा रखी थी। इसके बाद 14 फरवरी को जिला आबकारी अधिकारी को शराब दुकान शिफ्टिंग के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देश के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब इस समस्या का कोई रास्ता निकलेगा। आबकारी विभाग की ओर से भी शिफ्टिंग के लिए प्रयास शुरू किए जाने की बात कही गई, लेकिन लोगों का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है।
जब समस्या वर्षों से सामने है, स्थानीय लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं और मंत्री स्तर से भी निर्देश हो चुके हैं, तो फिर शिफ्टिंग में इतनी देर क्यों?
👉🏻प्रशासन को जगह नहीं मिल रही तो सरकारी जमीन किस काम की?
स्थानीय लोगों का सुझाव भी साफ है। क्षेत्र से लगे आउटर में सरकारी जमीन उपलब्ध है। कई जगह खाली पड़ी जमीनों पर सरकारी नुमाइंदों व क्षेत्रीय नेताओं की जानकारी में अवैध कब्जे तक हो रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन और आबकारी विभाग मिलकर उपयुक्त सरकारी जमीन चिन्हित कर वहां शराब दुकान के लिए भवन उपलब्ध कराने की दिशा में पहल कर सकते हैं।
इससे एक तरफ सरकारी जमीन का बेहतर उपयोग हो सकता है, वहीं दूसरी तरफ शहर की मुख्य सड़क और आसपास की गलियों को रोज की इस समस्या से राहत मिल सकती है।
👉🏻जनप्रतिनिधियों से उम्मीद, अब समाधान की बारी
लोग अपनी समस्या लेकर जनप्रतिनिधियों तक पहुंच चुके हैं। मंत्री को समस्या बता चुके हैं। निर्देश भी हो चुके हैं। अब सवाल शिकायत सुनने का नहीं, समाधान करने का है।
सीधे-सादे व्यापारी और आम नागरिक किसी विवाद में पड़ना नहीं चाहते। वे सिर्फ इतना चाहते हैं कि उनका कारोबार सामान्य रूप से चले, सड़क पर आवाजाही बनी रहे और घर-मंदिर-दुकान तक आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
जनभावनाओं और जनसमस्या पर यदि निर्देश के बाद भी कार्रवाई कछुआ चाल से चलेगी, तो फिर आम आदमी अपनी बात किसके सामने रखे?
अब लोगों की नजर आबकारी विभाग और जिला प्रशासन पर है। मंत्री के निर्देश के बाद शराब दुकान की शिफ्टिंग कब होगी, यही वह सवाल है, जिसका जवाब इस पूरे इलाके को इंतजार से ज्यादा अब जमीन पर कार्रवाई के रूप में चाहिए।





