👉🏻 गैर लाइसेंसी कबाड़ियों का चिन्हांकन तक नहीं, अवैध दुकानों पर स्थायी ताला कब लगेगा?
👉🏻 सैकड़ों टन स्क्रैप रात के अंधेरे में आउटर रास्तों से बाहर जाने की चर्चा, निगरानी तंत्र आखिर कहां है?
👉🏻 वाहन पकड़ना आसान, कबाड़ का स्रोत और खरीदार तलाशना मुश्किल क्यों?
👉🏻 आउटर के गोदाम नजरों से ओझल कैसे, साइबर और मुखबिर तंत्र की भूमिका पर भी सवाल
कोरबा। शहर व जिले में चोरी की घटनाओं और गैर लाइसेंसी कबाड़ियों के अवैध कबाड़ कारोबार के बीच संबंध को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकारी संपत्तियां तक सुरक्षित नहीं हैं, वहीं चोरी-छिपे संचालित होने वाले अवैध कबाड़ के ठिकानों पर कार्रवाई के बावजूद कारोबार दोबारा शुरू होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ चोरों तक सीमित नहीं है, बल्कि चोरी का माल आखिर खपता कहां है और उसे खरीदने वाला कौन है?
👉🏻 सरकारी लाइटें चोरी, जांच सिर्फ चोर तक क्यों?
शहर के सौंदर्यीकरण के लिए कोसाबाड़ी शास्त्री चौक से तानसेन चौक मार्ग पर लगाए गए 19 डेकोरेटिव एलईडी लाइटें गायब हो गई हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। नगर पालिक निगम ने जून माह में रेशम विभाग कार्यालय एवं जिला पंचायत कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने सड़क किनारे करीब तीन मीटर ऊंचे 19 डेकोरेटिव पोल लगाए थे। इन पर गोलाकार आकृति की वार्म व्हाइट एलईडी लाइटें लगी थीं। हालिया स्थल निरीक्षण में सभी 19 लाइटें गायब मिलीं। निगम ने मामले की जांच, आरोपियों की पहचान और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए सिविल लाइन थाना प्रभारी को पत्र सौंपा है।
👉🏻 कटघोरा क्षेत्र में कबाड़ लदा वाहन पकड़ा गया
हाल ही में कटघोरा के लखनपुर से होते बलौदा जा रही कबाड़ से लदी एक गाड़ी को आवश्यक दस्तावेज नहीं होने पर बाँकीमोंगरा पुलिस ने जब्त किया। कार्रवाई के दौरान चालक के बयान में वाहन को दीपक साहू उर्फ ललुआ का बताया जाना सामने आया है। यहां सवाल वाहन जब्ती से आगे का है कि गाड़ी में लदा कबाड़ आया कहां से? किस स्थान से स्क्रैप उठाया गया, किसने दिया और इसे कहां ले जाया जा रहा था?
स्थानीय स्तर पर बताया जाता है कि लखनपुर, कटघोरा में कबाड़ के एक ठिकाने को करीब दो साल पहले तत्कालीन टीआई के कार्यकाल में सीज किया गया था। इसके बाद भी थाना क्षेत्र में अवैध कबाड़ का कारोबार होने की बात सामने आती रहती है।
👉🏻राताखार का ट्रक भी छोड़ गया सवाल
इससे पहले राताखार इलाके में रात के समय कबाड़ लदा ट्रक दुर्घटना के बाद पकड़ा गया था। इस घटना ने रात के समय कबाड़ परिवहन और उसके स्रोत को लेकर भी सवाल खड़े किए थे। यदि रात के समय कबाड़ से लदे वाहन शहर और आउटर इलाकों से गुजर रहे हैं तो निगरानी किस स्तर पर हो रही है? क्या वाहनों में लदे स्क्रैप के स्रोत और दस्तावेजों की नियमित जांच होती है या कार्रवाई किसी दुर्घटना अथवा शिकायत के बाद ही होती है?
👉🏻आउटर के गोदाम नजरों से ओझल कैसे?
शहर के बाहरी इलाकों में कबाड़ संग्रहण और गोदामों को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा होती रही है। ऐसे में गैर लाइसेंसी कबाड़ियों का व्यवस्थित चिन्हांकन और उनके ठिकानों की जांच नहीं होना भी सवाल खड़ा करता है।
यदि पुलिस और प्रशासन को ऐसे ठिकानों की जानकारी है तो कार्रवाई क्यों नहीं? और यदि जानकारी नहीं है तो इनका मुस्तैदी से चिन्हांकन जरूरी है। फिर साइबर सेल, मुखबिर तंत्र और स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है, क्योंकि चोरी का माल खुले बाजार में सीधे बिकना आसान नहीं होता। चोरी की संपत्ति को कबाड़ में बदलने, खरीदने, संग्रहित करने और दूसरे इलाकों तक पहुंचाने के लिए एक पूरी श्रृंखला की जरूरत होती है। इसलिए सिर्फ चोरी की एफआईआर दर्ज कर आरोपी तलाशना पर्याप्त नहीं होगा।
👉🏻वाहन पकड़ना कार्रवाई का अंत नहीं, जांच की शुरुआत होनी चाहिए
कबाड़ से लदा वाहन पकड़ना कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन जांच की असली दिशा उसके स्रोत तक पहुंचने से तय होगी। कबाड़ कहां से निकला, किसने दिया, किसने खरीदा, किस गोदाम में पहुंचा और आखिर किसके जरिए बाहर भेजा जा रहा था, इन सवालों के जवाब तलाशना जरूरी है जो अक्सर कई बार थाना-चौकी व अनुविभाग स्तर से गुमशुदा हो जाता है।
यदि कबाड़ वैध है तो उसके दस्तावेज सामने आने चाहिए और यदि चोरी का है तो चोरी की मूल घटना तथा चोरी के माल की पूरी श्रृंखला तक जांच पहुंचनी चाहिए। कई मामलों में कबाड़ को लावारिस जप्त करने की प्रक्रिया की जाती है, फिर अवैध काम करने वाले को आवश्यक कागजात इकट्ठा करने का मौका मिल जाता है। कोरबा में अवैध कबाड़ संचालक के द्वारा करोड़ों रुपए की जीएसटी चोरी का मामला भी सामने आ चुका है। इसमें कोई संदेह नहीं कि जिसने इतने बड़े पैमाने पर अवैध कबाड़ की आड़ में जीएसटी की चोरी की हो, वह ईमानदारी से अपना काम करेगा?
सरकारी संपत्तियों की चोरी, कबाड़ लदे वाहनों की कार्रवाई और आउटर इलाकों में कथित गोदामों को लेकर उठते सवाल एक ही बात की ओर इशारा करते हैं कि चोरी करने वालों के साथ चोरी के माल को खपाने वाली कड़ी पर भी END to END शिकंजा कसना होगा। वरना एक-दो वाहन पकड़ने और एफआईआर दर्ज करने के बाद भी अगली चोरी का रास्ता खुला रहेगा।
सवाल कायम है कि आखिर अवैध कबाड़ियों के हौसले कौन बुलंद कर रहा है..? और चोरी के माल की खपत वाली इस कड़ी पर स्थायी ताला कब लगेगा?





