👉🏻 आगे थी पुलिस पेट्रोलिंग फिर भी हिमाकत, साजिश या असामाजिक तत्व की आड़ में टारगेट किया गया..?
बिलासपुर/ कोरबा। कोरबा जिले के पाली-तानाखार क्षेत्र के विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के वाहन पर किसी अज्ञात ने पथराव किया। पथराव की घटना उस वक्त गंभीर हो जाती है जब पथराव वाहन के सामने नहीं बल्कि साइड में किया गया जिधर विधायक बैठे थे। पत्थर के जोरदार प्रहार से वाहन के साइड का काँच (दरवाजे में लगा) टूट कर बिखर गया। इस पत्थरबाजी से एकबारगी विधायक और उनके साथ बैठे पीएसओ सुशील कौशिक और वाहन चालक सहम गए। इस सबके बीच गनीमत यह भी रही कि चालक ने वाहन से नियंत्रण नहीं खोया।
घटना की जानकारी देते हुए विधायक के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम ने बताया कि शुक्रवार को विधायक तुलेश्वर मरकाम बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना अंतर्गत ग्राम सिंघरी में आयोजित गौरा गौरी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे थे। वहां से रात लगभग 11:30 बजे वापस लौटते वक्त ग्राम सिंघरी मुख्य मार्ग में अज्ञात तत्व ने इस हरकत को अंजाम दिया। जिस वक्त यह घटना घटित हुई, विधायक के वाहन से करीब 500 मीटर आगे पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी भी चल रही थी। इसके बावजूद जिस तरह से विधायक के वाहन पर इतनी देर रात पथराव किया गया, उससे यह एक सोची समझी साजिश का हिस्सा भी हो सकता है। आखिर किसी को ऐसी क्या जरूरत पड़ी कि उसने विधायक के उस रास्ते से गुजरने का इंतजार किया! इस बात को लेकर प्रबल आशंका जताई जा रही है कि किसी ने पहले से ही योजना बना रखी थी और जब विधायक उस रास्ते से गुजरे तो उसने पथराव को अंजाम दिया।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर रतनपुर थाना में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध शिकायत दर्ज करा दिया गया है। इस घटना की जानकारी होते ही विधायक और उनके शुभचिंतकों में चिंता की लहर दौड़ पड़ी है। विधायक की सुरक्षा के प्रति समर्थकों व पार्टी पदाधिकारियों में चिंता देखी जा रही है। इस बात को लेकर कयास लगाया जा रहा है कि यह सब कुछ एकाएक नहीं बल्कि जानबूझकर की गई हरकत है। आरोपी का पता लगाने के साथ ही उसके पीछे की मंशा का उजागर होना जरूरी बताया जा रहा है।
👉🏻 कड़ी सुरक्षा देने की मांग
गोंडवाना पार्टी के जिला महासचिव शेख इस्माइल ने नाराजगी व चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि गोंडवाना गड़तंत्र पार्टी पूरे छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों में आंदोलन करेगी एवं छत्तीसगढ़ सरकार सहित भारत सरकार से भी आग्रह करती हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को Y+ सुरक्षा दिया जाए एवं अपराधियों की पुष्टि कर कठोर कार्यवाही की जाए।





