👉🏻 गाड़ी पर पथराव मामले में रतनपुर पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा
👉🏻 विधायक ने जताई असंतुष्टि, कहा- गहन जांच की बजाय खानापूर्ति की जा रही
👉🏻 एफआईआर लिखाने गए ड्राइवर और PSO को 6 घण्टे थाना में बैठा दिया
👉🏻 समर्थकों का सवाल- आखिर कौन, किसके इशारे पर किया हमला, विधायक को लग सकती थी गंभीर चोट
कोरबा/बिलासपुर। पाली-तानाखार क्षेत्र के विधायक व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के वाहन पर शुक्रवार की देर रात ग्राम सिंघरी-रतनपुर मार्ग पर किए गए पथराव को लेकर उनके समर्थक तथा पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। ना सिर्फ कोरबा बल्कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित अन्य प्रान्तों के उनके समर्थक इस बात को लेकर नाराज हैं कि आखिर किसने, किसके कहने पर ऐसी हिमाकत की है? इस घटना को लेकर समर्थक इतने नाराज हैं कि संतोषप्रद कार्रवाई न होने पर सोमवार को प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपने के साथ वे अपने-अपने क्षेत्र में गृह मंत्री का पुतला दहन करने वाले हैं।
👉🏻 पुलिस ने दो अपचारी बालकों को पकड़ा है
इधर, इस मामले को लेकर रतनपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय ने बताया कि विधायक की गाड़ी पर पथराव करने के मामले में अपराध दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के ही निवासी दो नाबालिगों (किशोरावस्था) को पकड़ा गया है। इनसे की गई पूछताछ में इन्होंने ऐसे ही मौज मस्ती में पथराव करने की बात कही है। अपचारी बालकों के हवाले से थाना प्रभारी की मानें तो इनका निशाना विधायक की गाड़ी बिल्कुल भी नहीं थी, वह दूसरी गाड़ी पर पथराव कर रहे थे लेकिन विधायक की गाड़ी चपेट में आ गई और साइड विंडो का कांच टूट गया। थाना प्रभारी ने इस मामले में कार्रवाई कर लेने और मामला सामान्य होने का दावा किया है तो वहीं दूसरी तरफ इस घटनाक्रम को लेकर विधायक श्री मरकाम के समर्थकों का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की रात 11:30 बजे हुए घटना की जानकारी शनिवार की सुबह होते ही जंगल में लगी आग की तरह फैली। सोशल मीडिया पर समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा है।
👉🏻 जानें क्या कहा विधायक ने
विधायक श्री मरकाम ने सत्यसंवाद से चर्चा में अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि इस मामले में कोई माफी नहीं है। पुलिस इस पूरे प्रकरण में मात्र खानापूर्ति कर रही है। जिन लोगों को पकड़ा गया है, उसकी जानकारी हमें खुद नहीं है। जब हमारा वाहन चालक और पीएसओ थाना में रिपोर्ट लिखाने गए तो उन्हें दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक बैठा कर रखा गया। आखिर एफआईआर दर्ज करने में इतना वक्त लगता है! विधायक को जब हमने पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में बताया तो उन्होंने इस पर असंतुष्टि जाहिर करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की गहन छानबीन और जांच होनी चाहिए। उनकी ही गाड़ी पर पथराव क्यों किया गया ? क्या वे किसी के टारगेट में हैं, पत्थर मारने वालों का उद्देश्य क्या था, वह किसके कहने पर वहां पर पथराव करने पहुंचे थे जबकि रात में किसी भी तरह की कोई आवाजाही उस मार्ग पर नहीं थी। विधायक ने यह भी सवाल किया है कि पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी हमारी गाड़ी से करीब 500 मीटर दूर चल रही थी और जब हमारी गाड़ी पर पथराव हुआ तो हम सभी हड़बड़ा गए। हमने खुद अपने वाहन चालक को तेजी से आगे बढ़ने और स्वयं पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी के पास जाकर उसे रुकवा कर इस घटनाक्रम की जानकारी दी। यह कोई सामान्य पथराव या घटनाक्रम नहीं है, इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। घटना को लेकर सारे समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है। हम और पार्टी के कार्यकर्ता इस पूरे मामले को लेकर गहन जांच की मांग कर रहे हैं। उनके द्वारा सोमवार को प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपने के साथ ही उनका पुतला दहन किया जाएगा। विधायक श्री मरकाम ने इस बात को लेकर भी चिंता जाहिर की है कि यह पत्थर कार के दरवाजे के कांच ने झेल लिया लेकिन जिस रफ्तार से यह पत्थर आकर टकराया, यदि वह सीधा मुझे लगा होता तो क्या हश्र हुआ होता, इसका अंदाजा पुलिस अधिकारियों और सरकार को लगाना चाहिए।





