👉🏻 ग्राम साजापानी के जंगल में 6 दिन पहले जन्म हुआ
कोरबा। जिले के ग्राम साजापानी में विगत दिनों जन्म लिए हाथी के बच्चे (कलफ) की छट्ठी हर्ष पूर्वक मनाई गईं। शरद पूर्णिमा के अवसर पर ग्रामीणों ने नन्हे हाथी की छठी का सामुदायिक आयोजन किया। साजापानी और आसपास के सात गांवों की इस पहल ने मानव और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व की एक प्रेरक तस्वीर पेश की है।
कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत साजापानी क्षेत्र में 20 अक्टूबर 2026 को दशहरा के दिन एक नन्हे हाथी का जन्म हुआ। इसके बाद 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर ग्रामीणों ने उसकी छठी का आयोजन किया। यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं था, बल्कि प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति ग्रामीणों के जुड़ाव का प्रतीक भी बना। साजापानी सहित आसपास के सात गांवों के ग्रामीणों ने इस खुशी को साझा किया। छठी कार्यक्रम के लिए बकायदा ग्रामीणों ने माता के मंदिर में राम कीर्तन करने के साथ ही वन भोज का आयोजन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण बेबी एलिफेंट के छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे और वनभोज का भी आनंद लिया।
ग्राम साजापानी में हुई इस पहल ने यह संदेश दिया कि जंगल में रहने वाले वन्यजीव केवल पर्यावरण का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारी साझा प्राकृतिक विरासत हैं।







