फर्जीवाड़े के लिए पिता ही बदल दिया!
👉🏻असली पिता के साथ पकड़ा गया आरोपी, फर्जी जाति प्रमाण पत्र से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आरोप
👉🏻जाली जाति प्रमाण पत्र बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आरोप, दो के खिलाफ FIR
जांजगीर-चांपा। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कथित तौर पर अपनी असली पहचान छिपाने और पिता का नाम तक बदलकर दस्तावेज तैयार कराने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, जितेंद्र बघेल ने खुद को ग्राम मसान निवासी फूल सिंह कंवर का पुत्र बताकर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जाति और आय प्रमाण पत्र बनवाए। मामले में जितेंद्र बघेल और बैजनाथ बघेल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बैंक से कर्ज लिया, फिर दिया झूठा शपथ पत्र
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जितेंद्र बघेल ने जिला अंत्यावसायी विभाग में शपथ पत्र देकर बताया कि उसने बैंक से कोई ऋण नहीं लिया है, जबकि उसके पंजाब नेशनल बैंक से ऋण लेने की बात सामने आई है। वहीं, अंत्यावसायी सहकारी समिति से ऋण लेने के दौरान बैजनाथ बघेल को जमानतदार बनाया गया था। शिकायत में बैजनाथ को जितेंद्र का जैविक पिता बताया गया है।
कूटरचित दस्तावेजों से प्रमाण पत्र लेने का आरोप
मामले में आरोप है कि दोनों ने आपसी मिलीभगत से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जाति प्रमाण पत्र हासिल किया और शासन की योजनाओं का अनुचित लाभ लिया। प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 34 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।






