कोरबा-तुमान। महतारी वंदन योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को मिलने वाली सहायता राशि के बीच अब अवैध वसूली का मामला सामने आया है। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम तुमान में संचालित एक केवाईसी सेंटर पर महिलाओं से पैसे लेने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि अमित साहू केवाईसी सेंटर में महतारी वंदन योजना का केवाईसी करने के नाम पर महिलाओं से 50-50 रुपये वसूले जा रहे हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शासन की ओर से महतारी वंदन योजना के केवाईसी कार्य के लिए सेंटर संचालकों को प्रति हितग्राही 9 रुपये से अधिक का भुगतान पहले से किया जाता है। इसके बावजूद महिलाओं से अलग से राशि लेना पूरी तरह नियम विरुद्ध और अवैध माना गया है। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि महतारी वंदन योजना का केवाईसी पूरी तरह निशुल्क किया जाना है और किसी भी प्रकार की राशि लेने पर कार्रवाई की जा सकती है।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि योजना का लाभ बंद हो जाने के डर से वे मजदूरी और घरेलू काम छोड़कर केवाईसी कराने पहुंच रही हैं, लेकिन वहां उनसे पैसे मांगे जा रहे हैं। कई महिलाओं ने मजबूरी में राशि देने की बात भी कही है। महिलाओं का आरोप है कि अगर पैसे नहीं दिए जाएं तो काम में देरी की जाती है या फिर योजना का लाभ रुकने की बात कहकर दबाव बनाया जाता है।
गांव में यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकार गरीब महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए योजना चला रही है, लेकिन कुछ लोग इसी योजना को कमाई का जरिया बना रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और महिलाओं से हुई अवैध वसूली पर कब तक कार्रवाई होती है? बताते चलें कि शहर क्षेत्र के कुछ चॉइस सेंटर का लाइसेंस इसी अवैध वसूली के कारण निरस्त कर दिया गया है। दूसरी तरफ हितग्राहियों का लाभ जारी रखने के लिए केवाईसी जरूरी होने का फायदा उठाकर उनसे वसूली जारी है।




