👉🏻चिन्टू अग्रवाल के आवेदन पर 39 परिवारों का बेजा कब्जा चिन्हांकित, हटाने की कार्रवाई शुरू
कोरबा-कटघोरा। नगर पालिका कटघोरा अंतर्गत बाजार मोहल्ला, कचरा डम्पिंग एरिया और हुसैन सागर के आसपास वर्षों से चले आ रहे बेजा कब्जे के मामले में प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। चिन्टू अग्रवाल के आवेदन पर हुई जांच के बाद बाजार मोहल्ला में 39 परिवारों के बेजा कब्जे चिन्हांकित किए गए हैं। संबंधित कब्जाधारियों को कब्जा हटाने के लिए नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नोटिस मिलते ही क्षेत्र में खलबली मच गई है।
राजस्व विभाग की जांच में शासकीय एवं सार्वजनिक जमीन पर कब्जे की स्थिति सामने आने के बाद अब प्रशासन की ओर से कब्जा हटाने की कार्रवाई की तैयारी है। शिकायत में बाजार की सड़क संकरी होने, आवागमन प्रभावित होने तथा नाली-नाला दबने का भी उल्लेख किया गया था।
👉🏻तालाब की जमीन भी जांच के दायरे में
मामले में ग्राम कटघोरा के निस्तारी तालाब की शासकीय भूमि का भी उल्लेख सामने आया है। राजस्व अभिलेख के अनुसार खसरा नंबर 980 में 0.121 हेक्टेयर, खसरा नंबर 984 में 0.898 हेक्टेयर और खसरा नंबर 986 में 1.484 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। इन जमीनों का राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी की संयुक्त टीम द्वारा मौका निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान शासकीय तालाब की जमीन पर कब्जे और निर्माण से संबंधित स्थिति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। संयुक्त जांच प्रतिवेदन में ऐसे कब्जे के संबंध में नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 223 (क) के उल्लंघन का उल्लेख भी किया गया है।
👉🏻तीन दिन में कब्जा हटाने का निर्देश
जारी किए जा रहे नोटिस में संबंधित कब्जाधारियों को सूचना प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कार्रवाई की स्थिति में संबंधित कब्जाधारी को स्वयं जिम्मेदार बताया गया है।
👉🏻एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस तक पहुंची कार्रवाई
अतिक्रमण से जुड़े नोटिसों की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा, तहसीलदार कटघोरा और थाना प्रभारी कटघोरा को भी भेजी जा रही है। इससे साफ है कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को राजस्व के साथ पुलिस सहयोग के स्तर पर भी आगे बढ़ाने की तैयारी में है।
कब्जाधारियों में चिंता, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
नोटिस मिलने के बाद बाजार मोहल्ला में कब्जाधारियों के बीच चिंता बढ़ गई है। लंबे समय से यहां रहने वाले लोगों की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था अथवा पट्टा दिए जाने की मांग उठाई जा रही है। उनका कहना है कि कब्जा हटने की स्थिति में उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो सकती है।
👉🏻अब कार्रवाई पर नजर,कितना होगा असर
तीन दिन की समय-सीमा और नोटिस की प्रक्रिया के बाद अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर है। यदि निर्धारित अवधि में कब्जे स्वयं नहीं हटाए गए तो प्रशासन द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन की यह कार्रवाई केवल बाजार मोहल्ला तक सीमित रहती है या कटघोरा क्षेत्र में सामने आ रहे अन्य अवैध कब्जों पर भी इसी तरह कार्रवाई होती है। जेंजरा अटल आवास के समीप निर्माण और धवईपुर क्षेत्र में रेत घाट से जुड़े कब्जे के आरोपों पर भी प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।







