कोरबा। घण्टाघर चौक से बुधवारी बाजार की तरह आने वाले मार्ग पर सोमवार को देर रात सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार एसयूवी कार ने बाइक को टक्कर मारी और फंसी बाइक सहित सवार को घसीटते हुए काफी दूर ले गया। गंभीर घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के बताये अनुसार श्री राम जानकी मंदिर बुधवारी के पास यह हादसा हुआ। मीना बाजार की तरफ से विपरीत दिशा से जा रही हीरो होंडा बाइक को आ रही तेज रफ्तार इस एसयूवी कार ने जोरदार टक्कर मार दी और करीब 150 फीट घसीटते हुए चली गई। कार के नीचे बाइक के फंस जाने और डिवाइडर से टकराने के बाद कार रुक गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों की मदद से कार के नीचे दबे घायल युवक को निकाल कर अस्पताल रवाना किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार का ड्राइवर नशे में था जिस वजह से यह हादसा हुआ। सूचना बाद मौके पर पुलिस ने पहुंचकर एकत्र भीड़ को हटाया और दोनों वाहन को जप्त करते हुए वैधानिक कार्यवाही प्रारम्भ की।
बाइक को टक्कर मारते हुए घसीट दिया कार चालक ने






