शिकायत कर बेटे ने कहा-दुर्गा पूजा में भी नहीं पूछा जा रहा
कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में जातिगत उपेक्षा और भेदभाव का आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार रात्रे ने कलेक्ट्रेट व जिला पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर महिला समिति एवं दुर्गा समिति से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, उनकी माता प्रेमबाई रात्रे ग्राम पंचायत की निर्वाचित पंच हैं। आरोप है कि उन्हें गांव की बैठकों, आयोजनों और महिला समिति की गतिविधियों की जानकारी नहीं दी जाती, जिससे उन्हें उपेक्षित महसूस करना पड़ रहा है।
वहीं, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंचायत के शासकीय भवन में स्थापित दुर्गा पंडाल के आसपास सतनामी पारा के लोगों के आने-जाने पर रोक लगाई जा रही है।
शिकायतकर्ता ने इसे जातिगत भेदभाव से जुड़ा मामला बताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ये आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस की जांच, संबंधित समिति का पक्ष और प्रशासनिक पुष्टि सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।







