👉🏻 कार में बैठे थे चारों लोग,बाहर से आग लगाई आरोपियों ने
👉🏻 घटना से आक्रोश मिश्रित शोक व्याप्त
कोरिया-सोनहत। छत्तीसगढ़ राज्य के कोरिया जिला में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह को उनकी फॉर्च्यूनर कार में जिंदा जला दिया गया। इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे उनके शिक्षक भाई नागेंद्र सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक भरत सिंह अपने घर के सामने फॉर्च्यूनर वाहन में बैठे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। कुछ ही पलों में कार आग की लपटों से घिर गई। भरत सिंह बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के दौरान भरत सिंह के भाई नागेंद्र सिंह, वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा सभी घायलों को पहले अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां शिक्षक नागेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। वीरू सिंह और एक अन्य की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे रेत कारोबार से जुड़ा पुराना विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
दो लोगों की मौत के बाद सोनहत क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।







