कोरबा। जिले के कटघोरा निवासी, शिव इंटरप्राइजेज के संचालक और वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार संघ के सदस्य शिव कुमार शर्मा (शिब्बू महराज) (48 वर्ष) नहीं रहे। आज सुबह हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और यशोदा अस्पताल में उनका उपचार जारी था। आज सुबह लगभग 11 बजे हुए उनके निधन की खबर मिलते ही कटघोरा सहित कोरबा जिले के पत्रकार जगत और नगरवासियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
शिव कुमार शर्मा प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘देशबंधु’ में लंबे समय से सक्रिय पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे स्वर्गीय मामचंद शर्मा के कनिष्ठ (छोटे) सुपुत्र एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन शर्मा के छोटे भाई थे। वे अपने पीछे पत्नी व पुत्र-पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
उनका पार्थिव देह हैदराबाद से कटघोरा लाया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार कल रविवार को कटघोरा स्थित राधा सागर मुक्तिधाम में किया जाएगा। उनके निधन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों द्वारा गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की जा रही हैं। सत्यसंवाद उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। वे हँसमुख और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी धर्मपरायण व्यक्ति थे, उनका निधन न सिर्फ शर्मा परिवार बल्कि उन्हें करीब से जानने वालों के लिए अपूरणीय क्षति है।






