👉🏻 बाँकी पालिका में तो हद हो गई,टेंडर की अंतिम तिथि से पहले ही भाजपा पार्षद के वार्ड में काम जारी
👉🏻 कॉंग्रेस पार्षद के वार्ड टेंडर खुलने के इंतजार में
👉🏻 नेता प्रतिपक्ष की शिकायत पर 4 दिन काम बंद,आज फिर से चालू,19 को टेंडर खुलने की तिथि
कोरबा। ट्रिपल इंजन की सरकार वाले कोरबा जिले में विकास के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। कहीं विकास बाट जोह रहा है तो कहीं रेंग रहा है, कहीं दूर-दूर तक पता नहीं है तो कहीं इस कदर उड़ रहा है कि उसके चाल का अंदाजा ही नहीं। ऐसे ही उड़ते विकास की कड़ी में शामिल हुआ है बाँकीमोगरा नगर पालिका।
नवगठित नगर पालिका परिषद में विकास को लेकर किये जा रहे भेदभाव पर नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास के द्वारा शिकायत की गई है। शिकायत करने के बाद लगभग चार दिन तक नए सीएमओ ने कामकाज रुकवा दिया लेकिन इसके बाद यह कार्य फिर से शुरू हो गया है। दरअसल, नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 और 14 जो कि भाजपा पार्षद व pic मेंबर का वार्ड है, यहां सड़क डामरीकरण का कार्य द्रुत गति से कराया जा रहा है। इस कार्य पर अब फिर से सवाल उठे हैं कि आखिर ऐसी क्या हड़बड़ी या मजबूरी है कि 7 कार्यों में से सिर्फ दो वार्ड की सड़क का ही काम शुरू कर दिया गया है जबकि अन्य वार्डों में भी काम होना है।
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने बताया कि इससे भी बड़ा आश्चर्य इस बात को लेकर है कि सड़क निर्माण (मरम्मत) के जिन कार्यों के लिए 19 नवंबर 2026 टेंडर खुलने की तिथि तय है, उन्हीं में शामिल वार्ड 13 और 14 की सड़क का काम शुरू करने के साथ ही अब समापन की ओर ले जाया जा रहा है। ऐसे में सवाल तो उठता है कि आखिर टेंडर खुलने से पहले ही काम करा रहा ठेकेदार इतने कॉन्फिडेंस में कैसे है कि इस सड़क का ठेका उसे ही मिलेगा,सड़कों के निर्माण के लिए डाला गया उसका ही टेंडर पास होगा…! किसी और का नहीं। यह बड़ा ही रहस्यपूर्ण विषय है जिसे लेकर कई बार सवाल उठे हैं कि आखिर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा कहां गुम हो गई है?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस कार्य को सीएमओ के द्वारा 4 दिन तक रुकवा कर रखा गया था, आखिर ऐसी कौन सी बात हुई कि उसे फिर से प्रारंभ कराना पड़ा जबकि अभी उक्त सड़क का कार्य टेंडर की प्रक्रिया में लंबित है। 19 नवंबर को सारे टेंडर खोले जाते लेकिन विकास की एक नई परंपरा बाँकीमोगरा ही नहीं, दूसरे निकायों में भी लगभग शुरू कर दी गई है। टेंडर खुलने से पहले ही कार्य कराए जा रहे हैं, सप्लाई हो रही है और 1 का 4 किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने बांकीमोंगरा नगर पालिका में कार्यों को लेकर राजनीतिक भेदभाव और दुर्भावनापूर्ण उपेक्षा का गंभीर आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष की मांग है कि जब तक सारे टेंडर खुल नहीं जाते, तब तक के लिए संबंधित कार्य न कराए जाएं। टेंडर खोलने के बाद वार्डों में समान रूप से बिना किसी भेदभाव के कार्य कराए जाने चाहिए। यदि कार्य नहीं रोका जाता है तो वह इसकी शिकायत जॉइंट डायरेक्टर से करेंगे।






