कोरबा। कभी-कभी शेर को सवा शेर मिल ही जाता है। कोरबा में भी यह कहावत चरितार्थ हुई है, जब डीजल चोरों के गैंग को एक सवा शेर मिल गया। उसके गुस्से को देखकर डीजल चोरों ने अपना सब कुछ छोड़कर भागने में भलाई समझी।
मामला दरअसल कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ज़ेंज़रा बायपास मार्ग का है। यहां पिछले दिनों सीजी 04 पासिंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर करीब आधा दर्जन लोग पहुंचे थे। उनके द्वारा बायपास मार्ग में हाल्टिंग के लिए खड़ी भारी वाहनों ट्रक,ट्रेलर से डीजल की चोरी धमकी-चमकी देकर की जा रही थी। एक वाहन में चालक ने करीब 15000 रुपए का डीजल भरवाया था और खाना खाने के लिए ढाबा में रुका था। इस दौरान डीजल चोरों ने उसके टैंक से डीजल की चोरी को अंजाम दिया और विरोध करने पर धमकाया। डीजल चोरों के द्वारा और भी वाहनों को निशाना बनाने की योजना थी चूंकि डीजल चोरों का आतंक काफी बढ़ा हुआ है और बाहर से आकर यहां आधी रात और इसके बाद के वक्त में वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते रहे हैं लेकिन इस बार इनका पाला एक ऐसे ट्रेलर चालक से पड़ गया जिसने इन्हें सबक सिखाया। ट्रेलर से डीजल चोरी करने के बाद अपने वाहन में सवार होकर डीजल चोर दूसरे शिकार की तलाश में निकल ही रहे थे कि इसी दौरान एक दूसरे ट्रेलर के नाराज चालक ने इन्हें सबक सिखाने के लिए वाहन को टक्कर मार दी और चलता बना। ट्रेलर चालक के इस रूप को देखकर डीजल चोरों ने अपनी जान बचाकर भागने में भलाई समझी और रफू चक्कर हो गए।
अपनी बोलेरो एवं डीजल चोरी में उपयोग आने वाला कई जरीकेन व पाइप मौके पर छोड़ भागे।
इधर, डीजल चोरी की सूचना उपरांत कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में मातहतों ने मौके पर पहुंचकर स्कॉर्पियो, जरीकेन, पाइप आदि को जप्त किया। थाना प्रभारी एसआई प्रेमचंद साहू ने बताया कि डीजल चोरों का शिकार हुए वाहन चालक की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया में काफी तेजी से वायरल है। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





