कोरबा। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को कोरबा जिला व शहर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर नजर आया। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शाम होते-होते घाट छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से गूंज उठे।
इसके पहले सुबह से ही छठ घाटों पर तैयारियों का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम से पहले व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक परिधानों में सूपा और दउरा में पूजा सामग्रियाँ सजाकर घाट पहुंचे। सूपा में नारियल, गन्ना, ठेकुआ सहित विभिन्न मौसमी फल और प्रसाद रखे गए थे। व्रतियों ने विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की और सूर्यास्त के समय जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को दूध व स्वच्छ जल से अर्घ्य अर्पित किया।

इस दौरान व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। घाटों पर महिलाओं के समूहों द्वारा गाए जा रहे पारंपरिक छठ गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी देता है। इसी कारण पर्व में बड़ी संख्या में लोग श्रद्धा के साथ शामिल होते हैं।
सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का अंतिम अनुष्ठान पूरा होगा। इसके बाद व्रती करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का विधिवत समापन हो जाएगा।




