बिलासपुर। जिले में गणेश उत्सव की धूम मची हुई है। विभिन्न डिजाईनों के आकर्षक और सुसज्जित पंडालों में भगवान गणेश की विभिन्न आकार और मुद्राओं वाली प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। विधि विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना जारी है। इन पंडालों में श्रद्धालुओं का रेला दर्शन के लिए उमड़ रहा है।
इस कड़ी में अशोक नगर सरकंडा इलाके में भी गणेश पूजा उत्सव धूमधाम से मनाई जा रही है।

यहां गजानन गणेश उत्सव समिति के द्वारा आयोजन के लगातार दसवें वर्ष इस बार एक अलग स्वरूप में भगवान गणेश की विशालकाय प्रतिमा स्थापित की गई है। समिति के सदस्यों ने मिलकर रामसेतु दरबार तैयार किया है। रामसेतु की थीम पर यहां कार्य करते हुए रामसेतु निर्माण का प्रतिरूप निर्मित किया है जो दरबार में आने वाले भक्तों के लिए श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। राम सेतु से गुजरकर दरबार में गजानन के दर्शन होते हैं। लोगों को रामसेतु दरबार काफी पसंद आ रहा है और वे आयोजन समिति की प्रशंसा भी कर रहे हैं।
समिति द्वारा सुबह-शाम पूजा-अर्चना करने के साथ ही शाम को भोग प्रसाद का वितरण किया जा रहा है जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी प्रसाद का पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। यहां आयोजन को सफल बनाने में समिति के गौरव जोशी, मयंक तिवारी, आदित्य शास्त्री, आयुष तिवारी, रौनक उपाध्याय,हर्ष जाधव, मयंक पांडेय आदि साथी जुटे हैं।

इसके अलावा अशोक नगर में अन्य पंडालों में भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमाएं भक्तों को मंत्रमुग्ध किए हुए हैं।
