कांकेर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांकेर में पदस्थ राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले बिचौलिये इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है। ACB जगदलपुर की टीम ने आज 21 नवंबर को यह कार्रवाई की।
👉🏻ई-वे बिल के मामले में मांगी थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने उनके वाहन को ई-वे बिल के संबंध में रोके जाने के बाद रिलीज कराने और प्रकरण में राहत देने के एवज में 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
👉🏻घर पर रिश्वत लेते पकड़ी गई अधिकारी
21 नवंबर को ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए अंचला गिरी को उनके निवास पर 1.50 लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि रिश्वत की रकम बिचौलिये इमरान मेमन के माध्यम से अधिकारी तक पहुंचाई गई थी। इमरान मेमन (30), निवासी संजय नगर, कांकेर को भी गिरफ्तार किया गया है।
👉🏻आय से अधिक संपत्ति की भी जांच

रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद ACB ने अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में तलाशी अभियान शुरू किया। टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
ACB के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी अलग से जांच जारी है। प्रकरण में आगे की विवेचना की जा रही है।






