👉🏻 MCB जिला की निखत ने बिलासपुर के चेतन को बनाया शिकार
बिलासपुर/एमसीबी। थाना सरकंडा पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में ऊंचे पद और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का झांसा देकर एक पढ़े-लिखे निजी सलाहकार से 82 लाख 63 हजार 194 रुपए की ठगी करने वाली शातिर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया है। ।आरोपी महिला पहले से ही आपराधिक पृष्ठभूमि की रही है जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
आरोपी महिला का नाम निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की पिता अल्ताफ अली शाबरी उम्र 34 साल निवासी खोंगापानी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर है।
👉🏻घटना का संक्षिप्त विवरण प्रार्थी चेतन आनंद दुबे (निवासी श्री विहार, सरकंडा, बिलासपुर) ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वर्ष 2025 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की से हुई थी। महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए केंद्र और राज्य के बड़े नेताओं से करीबी संपर्क होने का झांसा दिया। प्रार्थी के जमीन विवाद को सुलझाने का नाटक कर उसने प्रार्थी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी की बेरोजगारी और राजनीति में रुचि का फायदा उठाते हुए उसे राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलवाने का लालच दिया। उसने पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी से तथा उसके दोस्तों (सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय, डॉ. गायत्री गुप्ता) के खातों के जरिए एवं नगद कुल 82,63,194 रुपए ऐंठ लिए।
👉🏻धमकी और ब्लैकमेलिंग पर उतर आई
जब प्रार्थी ने अपनी रकम वापस मांगी या पद के संबंध में पूछताछ की, तो आरोपी महिला आगबबूला हो गई। उसने प्रार्थी को डराते- धमकाते हुए कहा कि “जो पैसा जमा हो गया वह वापस नहीं मिलेगा, बार-बार कॉल या परेशान करोगे तो तुम्हें महिला संबंधी झूठे मामलों में फंसा दूंगी।”
👉🏻त्वरित पुलिस कार्रवाई एवं गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर थाना सरकंडा में अपराध क्र. 1376/26 धारा 318(4) BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंड तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी हेतु मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (झगराखांड/खोंगापानी) रवाना की गई। स्थानीय पुलिस बल एवं गवाहों की मदद से आरोपीयॉ निखत परवीन शाबरी (33 वर्ष) को उसके निवास स्थान से अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रार्थी के दस्तावेज/बायोडाटा जप्त किए गए हैं। आरोपी के अनवरत आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने के पुख्ता प्रमाण मिलने पर प्रकरण में धारा 119(1) BNS जोड़ी गई एवं विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया है।
👉🏻 महिला आपराधिक रिकॉर्ड -* विवेचना के दौरान आरोपी महिला का आपराधिक इतिहास खंगालने पर ज्ञात हुआ कि वह शातिर किस्म की अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी संगीन मामले दर्ज हैं। इनमें
- थाना झगराखांड: अप.क्र. 219/23, धारा 294, 34, 341 भादवि।
- थाना झगराखांड: अप.क्र. 70/2023, धारा 384 भादवि (वसूली/ब्लैकमेलिंग)।
- थाना झगराखांड: अप.क्र. 216/23, छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(1)।
- थाना झगराखांड: अप.क्र. 146/23, छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(1)।
- थाना सिविल लाइन (रायपुर): अप.क्र. 358/2021, धारा 384 भादवि शामिल है।
🙏🏻पुलिस अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस प्रकार के प्रलोभन देने वाले झांसेबाजों और फर्जी लोगों से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना में दें।




