👉🏻 वरिष्ठ पूर्व विधायक बोधराम, ननकीराम, श्यामलाल कंवर सहित पुरुषोत्तम व कंवर समाज का अपमान
👉🏻 निलम्बित बीटगार्ड शेखर सिंह की आपत्तिजनक टिप्पणी सोशल मीडिया में वायरल
कोरबा। अविभाजित मध्य प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ राज्य की राजनीति में अहम स्थान रखने वाले पूर्व विधायक बौधराम कंवर, पुरुषोत्तम कंवर, ननकी राम कंवर, श्यामलाल कंवर से लेकर कर आदिवासी समाज के लोगों के प्रति अत्यंत ही घोर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी करने वाले वन विभाग के निलंबित कर्मी शेखर सिंह रात्रे के विरुद्ध कोरबा जिला सहित पूरे प्रदेश के कंवर समाज में आक्रोश तेजी से फैल रहा है। शेखर सिंह के द्वारा सोशल मीडिया इंस्टाग्राम में कंवर समाज के लोगों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करते हुए इसे वायरल किया गया है। इसे लेकर कंवर समाज की विभिन्न इकाईयों में काफी तेजी से आक्रोश फैल रहा है।

प्रदेश भर से कंवर समाज के द्वारा शेखर सिंह के विरुद्ध विभिन्न थाना चौकी व अन्य स्तरों पर लिखित शिकायत करते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
कोरबा जिले के बांकीमोगरा थाना में शेखर सिंह के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है वहीं अन्य थानों में भी अपराध दर्ज कराए जाने की जानकारी मिल रही है। बढ़ते आक्रोश के मध्य पुलिस व प्रशासन को हालातों पर पैनी नजर रखने की आवश्यकता है।






