कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ 14 वर्षीय किशोर ने खेल-खेल में दो बार दुष्कर्म को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी एक दंपति मंगलवार को छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूसरे गांव गए हुए थे। इस बीच उन्होंने अपनी 5 वर्षीय पुत्री को उसके चाचा के घर छोड़ दिया था। कुछ देर बाद चाची भी किसी काम से घर से बाहर चली गई और घर पर मासूम बच्ची अकेली थी। इस दौरान यहां पर गांव का ही रहने वाला सजातीय 14 वर्षीय लड़का 5 वर्षीय मासूम पीड़िता की चाची के घर पहुंचा जो कि अक्सर आया-जाया करता था। दोनों बच्चे घर पर खेल रहे थे कि इस खेल के दौरान अपचारी बालक ने मासूम बच्ची के साथ दो बार दुष्कर्म को अंजाम दिया। मासूम पीड़िता उक्त अपचारी बालक को चाचा बोला करती है। कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे तो उन्हें बच्ची की हालत का पता चला । उसने रोते हुए हालत में अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया तो परिजन अवाक रह गए। आसपास के लोगों को जानकारी देते हुए तत्काल इसकी सूचना कटघोरा थाना में दी गई। पुलिस ने विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को उसके घर से हिरासत में लिया। आज वैधानिक कार्रवाई उपरांत अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई। इस घटना को लेकर परिजनों व गांव में आक्रोश व्याप्त है।