बिना नम्बर चल रही ट्रेक्टर के चालक की लापरवाही से मोरगा चौकी क्षेत्र में एनएच-130 पर हुआ हादसा, कार सवार दो लोगों को चोट
कोरबा। मोरगा चौकी क्षेत्र के एनएच-130 मुख्य मार्ग पर पुटा मंदिर के पास सड़क पर कथित रूप से बिना किसी सांकेतिक के विद्युत पोल रखे जाने से एक ब्रेजा कार उससे टकरा गई। हादसे में कार के सामने के दोनों और पीछे बाएं तरफ के पहिए फट गए। वाहन का बंपर क्षतिग्रस्त होने के साथ एयरबैग खुल गया और टच डिस्प्ले भी उखड़ गया। प्रार्थी ने वाहन को करीब एक लाख रुपये तक का नुकसान होने की बात रिपोर्ट में कही है। हादसे में कार चालक और उसके साथ बैठे एक व्यक्ति को चोट आई है।
रायपुर से वाराणसी जा रहा था परिवार
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, रायपुर निवासी रवि प्रताप मिश्रा 9 नवंबर को सुबह करीब 9 बजे ब्रेजा कार क्रमांक CG 04 QL 3772 से अपने बड़े भाई विनय मिश्रा, माता सुनीता देवी, भाभी खुशबू मिश्रा और बच्चों के साथ वाराणसी जाने के लिए निकले थे। कार रवि प्रताप स्वयं चला रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे पुटा मंदिर के पास एनएच-130 पर यह घटना हुई।
ट्रैक्टर के पीछे बांधा था विद्युत पोल, सड़क पर रखने का आरोप
रिपोर्ट में रवि प्रताप मिश्रा ने आरोप लगाया है कि लाल रंग के बिना नंबर प्लेट वाले महेन्द्रा ट्रैक्टर के चालक ने ट्रैक्टर के पीछे विद्युत पोल बांध रखा था। आरोप है कि चालक ने बिना किसी सांकेतिक चिन्ह के विद्युत पोल को एनएच-130 के दूसरे तरफ सड़क पर रख दिया था। इसी दौरान उनकी ब्रेजा कार ट्रैक्टर में बंधे विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के सामने के दोनों पहिए और पीछे बाईं तरफ का पहिया पूरी तरह फट गया। सामने का बंपर क्षतिग्रस्त हो गया, एयरबैग खुल गया और टच डिस्प्ले उखड़ गया। रवि प्रताप ने अपने सीने और दाहिने हाथ की कलाई के ऊपर चोट लगने तथा उनके भाई विनय मिश्रा के सीने में चोट लगने की बात कही है। प्रार्थी ने वाहन में करीब एक लाख रुपये तक का नुकसान बताया है।
मोरगा चौकी पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर लाल रंग के बिना नंबर प्लेट वाले महेन्द्रा ट्रैक्टर के चालक के खिलाफ धारा 285, 125(1) और 324(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
KORBA: ब्रेजा कार जा टकराई; तीन पहिए फटे, एक लाख का नुकसान







