👉🏻 ध्यानचंद चौक पर लगा स्ट्रक्चर काट कर ले गए चोर,मानस नगर के पास भी हुई थी वारदात
कोरबा। भाजपा नेता और विज्ञापन होर्डिंग्स लगाने का नगर पालिक निगम से ठेका प्राप्त निर्मल जैन अवैध होर्डिंग लगाने वालों और चोरों से काफी परेशान हैं।
पिछले साल मानस नगर बायपास रोड के किनारे लगे उनके लोहे के स्ट्रक्चर को काटकर अज्ञात चोर ले गए थे जिस मामले में पुलिस में शिकायत की गई। इसके बाद अभी मेजर ध्यानचंद चौक के किनारे लगे उनके थ्री लेयर के स्ट्रक्चर को अज्ञात चोरों ने काट लिया है। इसका अधिकांश लोहा मौके से गायब कर दिया गया है जबकि कुछ हिस्सा चोर ले जाने में सफल नहीं हो पाए इसलिए उसे वहीं पर छोड़ दिया गया है। लगभग 3 लाख रुपये का नुकसान निर्मल जैन को चोरों की वजह से उठाना पड़ा है।

उन्होंने बालको थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अज्ञात चोरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर स्ट्रक्चर की तलाश करने का आग्रह किया है। निर्मल जैन ने कहा है कि नगर निगम से ठेका प्राप्त करने के बाद भी उनके हितों की रक्षा नहीं हो पा रही है बल्कि अवैधानिक तरीके से समय-समय पर लगाए जाने वाले बेतहाशा विज्ञापन होर्डिंग्स से उनका आर्थिक नुकसान हो रहा है। इसके बाद अज्ञात चोर भी उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिले में बढ़ती कबाड़ चोरों की सक्रियता और कुछ कबाड़ियों के द्वारा संरक्षण में चोरी का लोहा खरीदने के कारण इस तरह की नौबत निर्मित हो रही है।




