👉🏻 मूल निवासी किसान संघ ने दी आंदोलन व कोर्ट जाने की चेतावनी
कोरबा-कटघोरा। जेंजरा चौक से ढेलवाडीह बाईपास सड़क निर्माण में सुनियोजित भ्रष्टाचार, लापरवाही एवं सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण हुई दुर्घटना के संबंध में ठेकेदार एवं विभागीय इंजीनियर के विरूध्द आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने की मांग की गई है।
मूल निवासी किसान संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष लालबहादुर कोर्राम ने कटघोरा थाना प्रभारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि घटना दिनाँक 20 अप्रैल सोमवार को जेंजरा-ढेलवाडीह बाईपास मार्ग पर पतरापाली मोड़ में ट्रेक्टर के पलटने से चालक की मौत एवं एक की हालत गंभीर है। जेंजरा-ढेलवाडीह बाईपास सड़क निर्माण में सड़क की गुणवत्ता एवं समतलता में गंभीर खामियां है। इसकी वजह से ट्रैक्टर चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। चूंकि वर्तमान घटना स्थल पर मुख्य सड़क से गांव के अंदर जाने वाली सड़क से जुड़ा हुआ मोड़ है और उक्त स्थल पर सड़क की बनावट ऐसी है कि जहां पर घटना होना लाजिमी है, जिसके कारण सडक से लगे अन्य मोड़ों पर पूर्व में भी घटनायें घट चुकी है जिसमें कई लोगों की जाने जा चुकी है एवं अनेकों लोगों को गंभीर शारीरिक क्षति पहुंची है। संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार इंजिनियर द्वारा सुनियोजित भ्रष्टाचार को अंजाम देने के लिए सड़क निर्माण में लापरवाही बरती गई एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया गया है, जो कि प्रत्यक्ष रूप से विभिन्न दुर्घटनाओं का कारण बनी
👉🏻थाना प्रभारी से निवेदन किया गया है कि-
- इस घटना की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जावे।
- पूर्व में भी घटित घटनाओं को भी संज्ञान में लेते हुए संबंधित ठेकेदार, जिम्मेवार इंजीनियर एवं अन्य जो कोई भी दोषी हो उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जावे।
- भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक ठोस पहल किया जाना सुनिश्चत करें।
कहा गया है कि 15 दिवस के भीतर संबंधित दोषियों के खिलाफ उपरोक्त वैधानिक कार्यवाही नहीं की जाती है तो मूलनिवासी किसान संघ आस-पास के प्रभावित ग्राम वासियों के साथ जेंजरा बाईपास चौक पर आंदोलन करने एवं न्यायालय की शरण लेने हेतु मजबूर होंगे जिसकी संपूर्ण जिम्मेवारी शासन-प्रशासन की होगी।






