👉🏻 महाशिवरात्रि की सभी शिवालयों में हुई तैयारी
👉🏻ग्राम कनकी व पाली में विशेष आयोजन
कोरबा। महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में 15 फरवरी को समूची ऊर्जाधानी भगवान शिव और पार्वती की विशेष आराधना में तल्लीन रहेगी। तमाम शिवालियों और मंदिरों को रंग रोगन कर सुसज्जित झालरों से सजाया जा रहा है और महाशिवरात्रि की तैयारियां अंतिम चरण पर हैं। जिले के प्रसिद्ध भुईफोड़ कनकेश्वर महादेव और पाली के ऐतिहासिक शिव मंदिर में विशेष आयोजन होंगे।

महाशिवरात्रि के अवसर पर कोरबा शहर के पुरानी बस्ती में कमला नेहरू महाविद्यालय के पीछे राजघराना परिवार के ऐतिहासिक व दुर्लभ पंचपिंडी शिवालय में भी विशेष आराधना होगी। भोले सेवा समिति के तत्वाधान में यहां महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई जाती है। क्षेत्रवासियों की आस्था इस पंचपिंडी शिवालय पर बनी हुई है साथ ही अन्य क्षेत्रों के लोग भी इस ऐतिहासिक पिंडी शिवलिंग का दर्शन करने पहुंचते हैं। यह अपने आप में दुर्लभ शिवलिंग है जो पूरे भारत में विरले ही मिलता है। इनमें से एक कोरबा भी है जहां मनोकामना सिद्धि पंचपिंडी शिवलिंग की स्थापना राज परिवार के द्वारा कालांतर में की गई। आयोजकों ने बताया कि 25 लीटर दूध से भगवान शिव का दुग्ध अभिषेक किया जाएगा। शाम 7 बजे महा आरती की जाएगी एवं भोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
इसी कड़ी में इस वर्ष भी नगर में भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। आयोजन समिति श्री श्री शिव परिवार काली मंदिर, दुरपा रोड कोरबा के अनुसार पावर हाउस रोड स्थित शिव मंदिर में दोपहर 3 बजे पूजा-अर्चना के बाद भगवान शिव की बारात निकलेगी, जो मुख्य मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण कर दुरपा रोड स्थित शिव काली मंदिर पहुंचेगी।
बारात में भगवान शिव विशाल नंदी पर सवार रहेंगे तथा उनके साथ गणों का समूह भी शामिल होगा।

आकर्षक झांकियां, विशेष प्रस्तुतियां और आतिशबाजी इस आयोजन को खास बनाएंगी। शिव काली मंदिर पहुंचने के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शिव-पार्वती का विवाह संपन्न कराया जाएगा।शाम 7 बजे अद्भुत झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी और रात्रि 9 बजे महाआरती का आयोजन होगा।
आयोजन समिति ने बताया कि 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। रात 8 बजे से नृत्य नाटिका की प्रस्तुति कलाकारों के द्वारा दी जाएगी। श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों में भी विशेष तैयारी की गई है। इनमें शिव मंदिर पावर हाउस रोड, गौरीशंकर मंदिर पुराना बस स्टैंड, शिव मंदिर एसईसीएल, मृत्युंजय मंदिर नगर निगम कॉलोनी, हेलीपेड मंदिर, पंचदेव मंदिर पुराना बस स्टैंड एवं त्रिलोकीनाथ मंदिर सर्वमंगला परिसर भी शामिल हैं, जहां भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारी की गई है।



