0 विधायक, अपर कलेक्टर को राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन,लंबित भुगतान दिलाने की चौतरफा गुहार
कोरबा। छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन के बैनर तले 6 जुलाई को रायपुर में, छत्तीसगढ़ के समस्त जिलों के पी.एच.ई. ठेकेदारों के पिछले लगभग 02 वर्षों से लंबित भुगतानों को ले कर बड़ा आंदोलन किया। भुगतान ना होने के कारण ठेकेदारों की हालत इतनी गंभीर है कि कर्ज के कारण कुछ ने आत्महत्या कर ली तो कुछ मानसिक अवसाद के कारण गंभीर रूप से बीमार हैं, कुछ को हार्ट अटैक और लकवा भी हुआ है।

छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन से प्राप्त निर्देशानुसार सभी जिलों के कांट्रेक्टर एसोसिएशन को राज्यपाल और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम से समस्त जिले के कलेक्टर को ज्ञापन दिया जाना सुनिश्चित किया गया था। फलस्वरूप 9 जुलाई को कोरबा कांट्रेक्टर एसोसिएशन के नेतृत्व में समस्त ठेकेदारों द्वारा लंबित भुगतान हेतु प्रशासनिक स्तर पर देवेंद्र पटेल, अपर कलेक्टर एवं कटघोरा विधायक प्रेम चंद पटेल को पत्र के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया एवं लंबित भुगतानों को जल्द से जल्द प्रदान करने का निवेदन किया गया। साथ ही प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग एवं श्रम मंत्री और कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन से मुलाकात कर बात रखी जायेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांट्रेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, सचिव असलम खान, कोषाध्यक्ष संतोष खरे एवं अन्य ठेकेदार उपस्थित थे।







