कोरबा। सोमवार को चलती वाहन में आग लगने की दूसरी घटना में बांकीमोंगरा क्षेत्र में सुतर्रा- ढेलवाडीह मुख्य मार्ग पर हुई। इसी दिन कोरबा शहर में ओव्हरब्रिज से गुजरते वक्त एक बोलेरो में आग लग गई थी।
बांकीमोंगरा-सुतर्रा मार्ग में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती बोलेरो निओ में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते गाड़ी से धुआं और लपटें उठने लगीं। यह वाहन S.E.C.L. में किराए पर लगा हुआ था। वाहन में सवार सात महिलाएं बाल-बाल बचीं।
यह घटना सोमवार शाम करीब चार बजे हुई। घटना के दौरान सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, वहीं सूचना मिलने पर संबंधित विभाग को भी खबर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो नियो वाहन क्रमांक सीजी 12 बीक्यू 2534 सिंघाली परियोजना में मैनेजर साधराम खुंटे के आवागमन के लिए ठेके पर लगी है। सोमवार को उनके परिवार की महिलाएं और अन्य सदस्य इसी वाहन में सवार होकर कहीं जा रहे थे। ढेलवाडीह चौक से आगे गोठान के पास पहुंचते ही वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत बोलेरो रोक दिया और सभी को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन के दरवाजे ऑटोमेटिक लॉक हो गए और खुल नहीं रहे थे। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए एक दरवाजे को जोर से झटका देकर खोला और अंदर फंसी सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
KORBA:चलती बोलेरो में आग,7 महिलाओं की जान थी आफत में





