👉🏻 कालोनी में तेज बाइक चलाने से मना करने पर युवकों व किशोरों ने किया हमला
कोरबा। जिले के पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष नितिन चौरसिया पर बीते दिनों युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। उन्हें उसी जगह पर जानबूझकर चोट पहुंचाए जाने का आरोप है, जो पहले से क्षतिग्रस्त है। पुलिस द्वारा अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक नितिन चौरसिया पिता स्व. तुलसी राम चौरसिया 38 वर्ष हाउसिंग बोर्ड कालोनी रामपुर कोरबा में रहता है जो जिला युवा कांग्रेस का पूर्व अध्यक्ष है व ठेकेदारी का काम करता है। घटना दिनांक 07 जनवरी 2026 को रात्रि लगभग 08:15 बजे शिवम पाण्डेंय, फरदीन, अभिषेक, तेजस के द्वारा उसका रास्ता रोक कर गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्का एवं लात-घूंसा से मारपीट किया गया। नितिन ने बताया कि आरोपी लड़के उसकी ही कॉलोनी के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त हैं व तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए कॉलोनी की सड़कों से गुजरते हैं। इनकी तेज रफ्तार के कारण नितिन का करीब 5 वर्षीय पुत्र दुर्घटना का शिकार होते-होते बचा। इस बारे में जब उसने युवकों को रोक कर आपत्ति की तो उल्टा जवाब दिया गया कि अपने बेटे को घर के भीतर रखा करो, सड़क पर मत आने दिया करो। नितिन ने युवकों को समझाया जिस पर उस समय तो वे वहां से चले गए लेकिन कुछ देर बाद जब नितिन घर लौट रहा था तब बड़ी संख्या में युवकों ने वहां पहुंचकर विवाद किया। नितिन ने बताया कि वह समझा रहा था और उसी समय पीछे से एक युवक ने लात मारकर गिरा दिया, फिर उपरोक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट को अंजाम दिया। नितिन ने बताया कि कुछ माह पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी जिसमें उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ था और रॉड लगा था। इसकी जानकारी इन युवकों को भी है लेकिन मारपीट करते वक्त उसके उसी पैर पर जानबूझकर प्रहार किया गया जो पहले से क्षतिग्रस्त है।
घर के सामने रास्ता रोककर मारपीट व हमला करने से दाये पैर, पंजा में फ्रेक्चर हो गया एवं शरीर में अंदरूनी चोट आई है। फिलहाल, नितिन चौरसिया की रिपोर्ट पर शिवम पाण्डेय , फरदीन , अभिषेक , तेजस के विरुद्ध धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5)-BNS के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। नितिन के चोटों का मुलाहिजा कराने उपरांत रिपोर्ट के आधार पर धारा बढ़ने की संभावना है।




